टोल टैक्स में 5% वृद्धि आम जनता पर महंगाई की एक और मार — मोक्ष कुमार प्रधान का कड़ा विरोध

SARJU PRASAD SAHU

April 3, 2026

बसना/महासमुंद।देश में लगातार बढ़ती महंगाई के बीच अब टोल टैक्स में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी ने आम आदमी की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। इस फैसले को लेकर क्षेत्र में नाराजगी साफ दिखाई दे रही है। कांग्रेस के सक्रिय नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने इस बढ़ोतरी पर तीखा हमला बोलते हुए इसे जनविरोधी निर्णय बताया है।

मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि पहले से ही पेट्रोल-डीजल, गैस सिलेंडर और रोजमर्रा की चीजों की कीमतों से आम जनता परेशान है, ऐसे में टोल टैक्स में वृद्धि करना सीधे-सीधे लोगों की जेब पर डाका डालने जैसा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर लगातार ऐसे फैसले ले रही है, जिससे आम आदमी का जीवन और कठिन होता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि टोल टैक्स बढ़ने का सीधा असर परिवहन लागत पर पड़ेगा, जिससे हर वस्तु महंगी होगी और इसका खामियाजा अंततः आम नागरिक को भुगतना पड़ेगा। रोजाना सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों, व्यापारियों और मजदूर वर्ग पर इसका अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।

मोक्ष कुमार प्रधान ने सरकार से मांग की है कि इस फैसले को तत्काल वापस लिया जाए और आम जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार के जनविरोधी निर्णय वापस नहीं लिए गए, तो कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर जोरदार आंदोलन करेगी।

उन्होंने कहा — यह समय जनता को राहत देने का है, न कि उनकी जेब पर और बोझ डालने का। सरकार को जनता की आवाज सुननी ही होगी।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment