समाचार: मोबाइल टूटने पर दोस्त की हत्या, ‘भूत’ के डर से आरोपी ने किया सरेंडर

BIRENDRA KUMAR SEN

April 2, 2026

समाचार: मोबाइल टूटने पर दोस्त की हत्या, ‘भूत’ के डर से आरोपी ने किया सरेंडर

अंबिकापुर (छत्तीसगढ़):छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ महज़ एक मोबाइल टूटने के विवाद में एक युवक ने अपने ही दोस्त की जान ले ली। हैरान करने वाली बात यह है कि हत्या के एक हफ्ते बाद आरोपी ने खुद थाने जाकर आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी का दावा है कि मृतक का ‘भूत’ उसे रात भर सोने नहीं देता था और अपने अंतिम संस्कार की मांग करता था।

​पुलिस के अनुसार, घटना 24-25 मार्च की रात की है। गांधीनगर थाना क्षेत्र के भगवानपुर में रहने वाले मिथलेश कुजूर के घर उसका दोस्त बृजलाल अगरिया पहुँचा था। शराब पीने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी छीनाझपटी में आरोपी मिथलेश का मोबाइल जमीन पर गिरकर टूट गया। गुस्से में आकर मिथलेश ने डंडे से बृजलाल के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

​हत्या को छिपाने के लिए मिथलेश ने अपनी पत्नी राजकुमारी के साथ मिलकर शव को घर के भीतर ही एक गड्ढे में दफना दिया और ऊपर से प्लाईबोर्ड और मिट्टी डाल दी। वारदात के बाद दोनों आरोपी घर छोड़कर रिश्तेदारों के यहाँ भाग गए थे।

​आरोपी ने पुलिस को बताया कि दफनाने के बाद से ही उसे दोस्त की आत्मा दिखाई देने लगी थी। उसे महसूस होता था कि मृतक उससे कह रहा है, “मेरी हत्या कर दी है, लेकिन अब मेरा अंतिम संस्कार तो करा दो।” इसी मानसिक तनाव और डर के चलते आरोपी ने थाने पहुँचकर अपना जुर्म कबूल कर लिया।

​पुलिस ने मजिस्ट्रेट और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मौजूदगी में गड्ढा खुदवाकर शव को बरामद किया। शव काफी हद तक सड़ चुका था। पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जाँच जारी है।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment