कोरबा | 28 मार्च जिले के भैसमा-उरगा मुख्य मार्ग पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। कूकरीचोली पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कोयला लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर दो बाइक सवारों को कुचलता हुआ निकल गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में कोरबा जनपद के पूर्व उपाध्यक्ष विक्की कंवर समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर अत्यधिक तेज गति में था और अचानक चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे सड़क पर जा रहे बाइक सवार उसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी घायल दूर जा गिरे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल डायल 112 को सूचना दी और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रेलर चालक की तलाश जारी है।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सख्त निगरानी और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।