
रिपोर्टर टेकराम कोसले
कसडोल, 26 मार्च 2026। थाना कसडोल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चकरवाय में चूलमाटी कार्यक्रम के दौरान चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 6 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 मार्च 2026 की रात्रि लगभग 10:45 बजे प्रार्थी राकेश मारकंडे अपने जीजा के घर से लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम चकरवाय में आयोजित चूलमाटी कार्यक्रम में डीजे पर नाच रहे आरोपी सचिन चेलक ने प्रार्थी के पास आकर अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू से हमला कर दिया।
हमले के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे यश कुमार चेलक पर भी आरोपी ने चाकू से वार कर दिया, जिससे दोनों को चोटें आईं। घटना के बाद प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कसडोल में अपराध क्रमांक 121/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 109 बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में कसडोल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सचिन चेलक (23 वर्ष) निवासी ग्राम चकरवाय को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने रौब झाड़ने के उद्देश्य से चाकू से हमला करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी को 26 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस की तत्परता से टली बड़ी घटना
समय रहते कार्रवाई से पुलिस ने संभावित गंभीर परिणामों को टाल दिया, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में विश्वास बढ़ा है।