25 मार्च को बलौदाबाजार में होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम, अधिकारियों को दी गई आवश्यक दिशा-निर्देश
बलौदाबाजार, 24 मार्च 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के 25 मार्च को प्रस्तावित बलौदाबाजार आगमन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के अंतर्गत राशि अंतरण कार्यक्रम के लिए राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने मंगलवार को पंडित चक्रपाणी शुक्ल हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर कुलदीप शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े और प्रमोद शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
राजस्व मंत्री वर्मा ने निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम राज्य स्तरीय है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं उच्च स्तर की और व्यवस्थित होनी चाहिए। उन्होंने बैठक व्यवस्था, प्रवेश व्यवस्था, अतिथियों के स्वागत, सुरक्षा और पार्किंग सहित सभी व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर मुख्य मंच, ग्रीन रूम, विभागीय स्टॉल और कला जत्था स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने वीआईपी, मीडिया और हितग्राहियों के बैठने की व्यवस्था, विभागीय स्टॉल, हेल्थ कैंप, प्रवेश द्वार, वाहन पार्किंग एवं हेलीपेड से संबंधित तैयारियों की जानकारी दी।
इस दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर अभिषेक गुप्ता, एसडीएम प्रकाश कोरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।