बसना में नवरात्रि की आस्था विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने की माँ जगदंबा की आराधना

SARJU PRASAD SAHU

March 23, 2026

बसना। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में बसना के विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने विभिन्न मंदिरों में पहुँचकर माँ जगदंबा की विधिवत पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

विधायक डॉ. अग्रवाल ने प्रमुख आस्था केंद्रों—माता दरबार, प्राचीन माँ समलेश्वरी मंदिर तथा श्री राम-जानकी मंदिर में दर्शन कर माथा टेका। मंदिरों में गूंजते मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के बीच उन्होंने दीप प्रज्वलित कर आरती उतारी और प्रदेशवासियों के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की।

मंदिर परिसर में प्रज्वलित अखंड ज्योति कलशों के दर्शन करते हुए उन्होंने इसे ईश्वरीय प्रकाश का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह ज्योति अज्ञान के अंधकार को दूर कर ज्ञान का मार्ग प्रशस्त करती है।

नवरात्रि के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विधायक ने कहा कि माँ दुर्गा ही सृष्टि की मूल शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार देवी ने महिषासुर का वध कर धर्म की स्थापना की, उसी प्रकार यह पर्व हमें अपने भीतर की बुराइयों पर विजय पाने की प्रेरणा देता है। माँ के नौ स्वरूप जीवन के विभिन्न आयामों और चेतना के स्तरों का प्रतीक हैं।

डॉ. अग्रवाल ने इस पर्व को नारी शक्ति के सम्मान का प्रतीक बताते हुए कहा कि जहाँ नारी का सम्मान होता है, वहीं देवताओं का वास होता है। उन्होंने माँ जगदंबा से बसना क्षेत्र के प्रत्येक परिवार की खुशहाली और क्षेत्र के सतत विकास की कामना की।

इस दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष रमेश अग्रवाल, भाजयुमो जिला महामंत्री कामेश बंजारा, मंडल अध्यक्ष आकाश सिन्हा, सोहन पटेल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment