
बलौदाबाजार। 23 मार्च 2026 दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के अंतर्गत आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय राशि अंतरण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का 25 मार्च को बलौदाबाजार आगमन प्रस्तावित है।
कार्यक्रम स्थल पंडित चक्रपाणी शुक्ल हाई स्कूल मैदान में की जा रही तैयारियों का जायजा लेने सोमवार को कलेक्टर कुलदीप शर्मा अधिकारियों की टीम के साथ पहुंचे और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने मुख्य मंच, ग्रीन रूम, वीआईपी गैलरी, मीडिया सेक्शन तथा हितग्राहियों के बैठने की व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने विभागीय स्टॉल, हेल्थ कैंप, वीआईपी एवं सामान्य प्रवेश द्वार, वाहन पार्किंग तथा कार्यक्रम स्थल तक आने वाले मार्गों की जानकारी लेते हुए सभी व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पेयजल, बायोटॉयलेट, साफ-सफाई, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और मंच की साज-सज्जा को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने डी.के. कॉलेज ग्राउंड में बनाए जा रहे हेलीपेड का भी अवलोकन किया। उन्होंने हेलीपेड स्थल पर नियमित पानी छिड़काव कराने और कच्ची सड़क पर मुरुम डालने के निर्देश दिए, ताकि धूल न उड़े और आवागमन सुगम बना रहे।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर अभिषेक गुप्ता, एसडीएम प्रकाश कोरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।