लेबल में उत्पाद तिथि और बैच नंबर नहीं मिलने पर हुई कार्रवाई, नमूने जांच हेतु भेजे गए
बलौदाबाजार, 20 मार्च 2026। गर्मी के मौसम में पैकेज्ड पानी की बढ़ती मांग को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में वाटर प्लांट्स की जांच तेज कर दी है। इसी क्रम में टीम ने सिमगा विकासखंड के ग्राम केसदा स्थित एक वाटर प्लांट में बड़ी कार्रवाई करते हुए 200 बोरी पानी पाउच जब्त किए हैं।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने पानी पाउच और बोतलबंद पानी की गुणवत्ता जांच के लिए निरीक्षण अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि 250 मिली पानी पाउच के लेबल में उत्पाद तिथि और बैच नंबर अंकित नहीं था, जो नियमों का उल्लंघन है।
अभिहित अधिकारी अक्षय कुमार सोनी के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सिद्धि विनायक बेवरेज वाटर प्लांट, ग्राम केसदा का निरीक्षण किया। जांच के दौरान विक्रय हेतु तैयार पानी पाउच में अनियमितता पाए जाने पर 200 बोरी (प्रत्येक में 40 नग) पानी पाउच जब्त किए गए।
इसके साथ ही संबंधित उत्पादों के विधिक नमूने लेकर उन्हें परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि अमानक और नियमों के विपरीत उत्पाद बेचने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।