शासकीय प्राथमिक शाला रेलडबरी में ‘बाल मैत्री’ कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न तिलक–पुष्प स्वागत के साथ नन्हें बच्चों ने खेल-खेल में सीखा, शिक्षा से जुड़ाव हुआ मजबूत

TEKRAM KOSLE

March 20, 2026

रिपोर्टर टेकराम कोसले

कोरबा 20 मार्च 2026।
पाली विकासखंड के ग्राम पंचायत उतरदा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला रेलडबरी में ‘Buddy–Buddy (बाल मैत्री)’ कार्यक्रम बड़े ही उत्साह और आनंदमय वातावरण में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छोटे बच्चों को प्रारंभिक स्तर पर ही विद्यालयी माहौल से परिचित कराना और उनके भीतर शिक्षा के प्रति रुचि विकसित करना रहा।
कार्यक्रम के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र रेलडबरी 01, 02 एवं राऊतपारा के 4 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को विद्यालय का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान बच्चों ने कक्षा-1 के विद्यार्थियों और शिक्षकों से परिचय प्राप्त किया, जिससे उनमें आत्मीयता और आत्मविश्वास का संचार हुआ।
नन्हें बच्चों का तिलक और पुष्प के साथ आत्मीय स्वागत किया गया, जिससे वे विद्यालय में सहज और सुरक्षित महसूस कर सके। कार्यक्रम के दौरान बालगीत, कहानी सुनाना, खेलकूद एवं विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
मितानिन सीता कश्यप, नीरा नेटी, उर्मिला पटेल एवं शिक्षिकाएं अनीता राठौर, माया साहू और कु. पूजा किरण ने बच्चों के स्वागत एवं मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिक्षिका अनीता राठौर ने कहा कि यदि बच्चों को प्रारंभ से ही अपनापन और सहयोग का वातावरण मिले, तो वे निडर होकर सीखते हैं और शिक्षा के प्रति उनका झुकाव बढ़ता है।
माया साहू और कु. पूजा किरण ने खेल आधारित शिक्षा को बच्चों के आत्मविश्वास और रचनात्मकता को बढ़ाने वाला बताया। वहीं सुपरवाइजर भगवती साहू ने इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए एक आवश्यक और सराहनीय पहल बताया।
अभिभावकों ने भी इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों के मन से स्कूल का डर खत्म होता है और वे खुशी-खुशी स्कूल आने के लिए प्रेरित होते हैं।
यह ‘बाल मैत्री’ कार्यक्रम बच्चों को एक सहज, सुरक्षित और आनंदमय शैक्षणिक वातावरण प्रदान करने की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित हुआ, जो भविष्य में उनकी शैक्षणिक यात्रा को मजबूत आधार देगा।

 

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment