गोधन संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम: 11 जिलों में 29 गौधाम का शुभारंभ, जोगीपुर में बनेगा राज्य का पहला गौ अभ्यारण्य

TEKRAM KOSLE

March 14, 2026

रिपोर्टर टेकराम कोसले

बिलासपुर, 14 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ में गोधन संरक्षण और गौसेवा को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने बिलासपुर स्थित Guru Ghasidas Central University में आयोजित कार्यक्रम में बटन दबाकर राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी गौधाम योजना का शुभारंभ किया। योजना के प्रथम चरण में प्रदेश के 11 जिलों में 29 गौधाम शुरू किए गए हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कोटा विकासखंड के ग्राम जोगीपुर में बनने वाले राज्य के पहले गौ अभ्यारण्य का भी शिलान्यास किया।
चार गौधाम बिलासपुर जिले में
शुभारंभ किए गए गौधामों में बिलासपुर जिले के लाखासार, ओखर, जैतपुर और हरदीकला गौधाम शामिल हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय राज्य मंत्री Tokhan Sahu ने की।
इस अवसर पर कृषि एवं पशुधन विकास मंत्री Ramvichar Netam, विधायक Amar Agrawal, Dharamlal Kaushik, Dharamjeet Singh, Sushant Shukla सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
184 एकड़ में बनेगा गौ अभ्यारण्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि जोगीपुर में बनने वाला गौ अभ्यारण्य लगभग 184 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। इसके विकास के लिए राज्य सरकार ने प्रथम चरण में 1 करोड़ 32 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। इसके पूर्ण होने पर यहां लगभग 2500 गौवंश को सुरक्षित संरक्षण मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, आस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। गौधाम योजना के माध्यम से बेसहारा और घुमंतू गौवंश को सुरक्षित आश्रय मिलेगा और पशुधन संरक्षण को मजबूती मिलेगी।
एनडीडीबी के सहयोग से बढ़ेगा दुग्ध उत्पादन
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने National Dairy Development Board (एनडीडीबी) के साथ एमओयू किया है। इसके तहत कई जिलों में गाय वितरण कार्यक्रम शुरू किया गया है, जिससे दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
“सुरभि गौधाम” नाम से जाने जाएंगे सभी गौधाम
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य में शासकीय भूमि पर स्थापित सभी गौधाम अब “सुरभि गौधाम” के नाम से जाने जाएंगे। यहां पशुपालन, हरा चारा उत्पादन और गोबर से उपयोगी उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इससे ग्रामीणों को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि गौधाम योजना का शुभारंभ एक पुण्य और महत्वपूर्ण पहल है। इससे न केवल गौवंश संरक्षण होगा बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
वहीं कृषि एवं पशुधन विकास मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि प्रदेश के हर विकासखंड में चरणबद्ध तरीके से 10-10 गौधाम स्थापित किए जाएंगे, जिससे संरक्षण के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
कार्यक्रम में कमिश्नर सुनील जैन, आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान, पशुपालक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment