कंधों पर सजे दो सितारे, वर्षों की मेहनत का मिला सम्मान अश्वनी कुमार पड़वार और नेहरू राम साहू बने उप निरीक्षक, एसपी भावना गुप्ता ने दी बधाई

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

March 14, 2026


बलौदाबाजार-भाटापारा, 14 मार्च।
जिला पुलिस बल के लिए शनिवार का दिन गर्व और खुशी का पल लेकर आया, जब सहायक उप निरीक्षक अश्वनी कुमार पड़वार और नेहरू राम साहू को उप निरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) के पद पर पदोन्नत किया गया। इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता ने दोनों अधिकारियों के कंधों पर दो सितारे लगाकर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

जैसे ही वर्दी पर दो सितारे सजे, वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने तालियों की गूंज के साथ दोनों अधिकारियों का उत्साहवर्धन किया। यह क्षण न केवल दोनों अधिकारियों के लिए बल्कि उनके परिवार के लिए भी गर्व और भावुकता से भरा हुआ रहा।

वर्तमान में अश्वनी कुमार पड़वार चौकी प्रभारी बया में पदस्थ हैं, जबकि नेहरू राम साहू थाना भाटापारा शहर में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पदोन्नति के इस अवसर पर उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे और इस उपलब्धि के साक्षी बने।

पदोन्नति कार्यक्रम के दौरान राजेश श्रीवास्तव (उप पुलिस अधीक्षक, मुख्यालय), संजय साहू (उप पुलिस अधीक्षक, यातायात), स्टेनो मनीष चौबे, रीडर-1 मनीष वर्मा सहित पुलिस कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस मौके पर पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने दोनों अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि पदोन्नति कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और समर्पण का परिणाम होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों अधिकारी नई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाते हुए जनता की सेवा में और बेहतर कार्य करेंगे।

कार्यक्रम का माहौल उत्साह और गर्व से भरा रहा, जहां पुलिस परिवार ने अपने साथियों की उपलब्धि का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment