तालापार पंचायत में विकास की रफ्तार तेज, पेयजल व राशन व्यवस्था सुदृढ़ सरपंच रमा श्याम व सचिव प्रभा टेकाम के प्रयासों से घर-घर नल जल, ग्रामीणों ने आरोपों को बताया निराधार

TEKRAM KOSLE

March 12, 2026

रिपोर्टर टेकराम कोसले

।कोरबा  जिले के पाली विकासखंड के ग्राम पंचायत तालापार में पेयजल और राशन वितरण व्यवस्था को लेकर उठे सवालों के बीच अब ग्रामीणों ने स्वयं सामने आकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की है। पंचायत के कई हितग्राहियों ने शपथपत्र देकर बताया कि उन्हें शासकीय राशन दुकान से हर माह नियमित रूप से चावल प्राप्त हो रहा है और राशन वितरण में किसी प्रकार की अनियमितता नहीं है।
ग्रामीणों के अनुसार पंचायत में विकास कार्यों को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सरपंच रमा श्याम और पंचायत सचिव प्रभा टेकाम के संयुक्त प्रयासों से गांव में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। खाल्हे पारा और बीच पारा क्षेत्रों में बोरिंग कराकर पाइपलाइन बिछाई गई है, जिसके माध्यम से घर-घर नल कनेक्शन से पानी पहुंचाया जा रहा है। इससे अधिकांश परिवारों को अब सीधे अपने घरों में पेयजल की सुविधा मिल रही है।
वहीं डिपरापारा क्षेत्र में जल स्रोत की कमी को देखते हुए पंचायत द्वारा नया बोर खनन कराया गया, लेकिन पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं निकल पाने के कारण वहां पेयजल की समस्या बनी हुई है। पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए वैकल्पिक उपायों पर विचार किया जा रहा है, ताकि उस क्षेत्र के लोगों को भी जल्द राहत मिल सके।
ग्रामीणों ने पंचायत में हो रहे विकास कार्यों पर भरोसा जताते हुए सरपंच पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि पंचायत स्तर पर लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं और पेयजल व राशन जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रयास जारी हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में पारदर्शिता के साथ कार्य हो रहे हैं और अधिकांश परिवारों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है, जिससे गांव में विकास की रफ्तार तेज हुई है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment