यूपीएससी में सफलता पर महासमुंद के संजय डहरिया का सम्मान, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने दी बधाई शारीरिक चुनौतियों के बावजूद हासिल की बड़ी उपलब्धि, युवाओं के लिए बने प्रेरणास्रोत

TEKRAM KOSLE

March 12, 2026

रिपोर्टर टेकराम कोसले

महासमुंद, 12 मार्च 2026।
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा 2025 में सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन करने वाले प्रतिभाशाली युवा संजय डहरिया को गुरुवार को जिला कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने अपने कक्ष में सम्मानित किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने उन्हें गुलदस्ता और मोमेंटो भेंट कर शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कलेक्टर ने कहा कि यूपीएससी जैसी प्रतिष्ठित और कठिन परीक्षा में चयनित होना अत्यंत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने संजय डहरिया की सराहना करते हुए कहा कि शारीरिक परेशानियों के बावजूद उन्होंने अद्भुत मानसिक दृढ़ता और आत्मविश्वास के साथ यह सफलता हासिल की है, जो वास्तव में प्रेरणादायक है। कलेक्टर ने कहा कि इस उपलब्धि से न केवल उनके माता-पिता और परिवार का गौरव बढ़ा है, बल्कि पूरे महासमुंद जिले का नाम भी रोशन हुआ है।
उन्होंने आगे कहा कि संजय डहरिया की सफलता हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा है। आने वाले समय में अपनी प्रशासनिक सेवा के दौरान वे समाज और आम जनता के हित में बेहतर कार्य करेंगे, यही जिला प्रशासन की ओर से शुभकामनाएं हैं।
ग्राम बेल्टुकरी के निवासी हैं संजय डहरिया
उल्लेखनीय है कि विकासखंड महासमुंद के ग्राम बेल्टुकरी निवासी संजय डहरिया, पिता लखन डहरिया, ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा 2025 में सफलता हासिल कर जिले को गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और युवाओं में नई प्रेरणा का संचार हुआ है।
अधिकारियों व समाज प्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी विजय लहरे, सहायक क्रीड़ा अधिकारी अंजली बरमाल, विजय डहरिया, पुनेश्वर डहरिया, प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज के पूर्व प्रदेश महासचिव एवं कार्यकारिणी सदस्य एस.आर. बंजारे, प्रदेश सहसचिव दिनेश बंजारे, पूर्व कार्यकारिणी सदस्य नूतन कुर्रे, तारिणी बर्मन, युवा जिलाध्यक्ष तेजराम चौलिक, युवा प्रकोष्ठ महासमुंद के ब्लॉक अध्यक्ष महेश जोशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने संजय डहरिया को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment