रायगढ़, 01 मार्च 2026। जिला जेल रायगढ़ में आज कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी मयंक चतुर्वेदी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने संयुक्त रूप से आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जेल परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, चिकित्सा सेवाओं तथा बंदियों को उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का गहन अवलोकन किया गया।
अधिकारियों ने विभिन्न बैरकों का निरीक्षण कर बंदियों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, अधिवक्ताओं से मुलाकात व्यवस्था तथा निःशुल्क कानूनी सहायता से संबंधित विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पूर्व में आयोजित स्वास्थ्य शिविर की जानकारी लेते हुए अधिकारियों ने चिकित्सा सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि बंदियों को समय पर उपचार एवं आवश्यक दवाएं उपलब्ध हों।
निरीक्षण के दौरान बंदियों के परिजनों से भी चर्चा की गई। परिजनों ने मुलाकात प्रक्रिया को सरल और व्यवस्थित करने की मांग रखी, जिस पर संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार हेतु निर्देशित किया गया।
कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप बंदियों के अधिकारों की रक्षा और सुधारात्मक वातावरण बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। वहीं एसएसपी श्री सिंह ने सुरक्षा प्रबंधों को और अधिक मजबूत करने तथा निगरानी तंत्र को प्रभावी बनाए रखने पर बल दिया।