
रिपोर्टर टेकराम कोसले
बलौदाबाजार, 27 फरवरी 2026। भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी की जिला शाखा बलौदाबाजार की प्रबंधकारिणी की बैठक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला शाखा के सभापति अरविंद शुक्ला ने की।
बैठक में रेडक्रॉस के सदस्यता अभियान को व्यापक रूप से चलाने का निर्णय लिया गया। इसके तहत आमजनों, सर्व समाज, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं (NGO) तथा चैंबर ऑफ कॉमर्स से जुड़े प्रतिनिधियों को जोड़कर सदस्यों की संख्या बढ़ाने की रणनीति बनाई गई।
8 मई को स्थापना दिवस पर विशेष कार्यक्रम
रेडक्रॉस स्थापना दिवस 8 मई के अवसर पर जिले में वृहद रक्तदान शिविर एवं प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं और सामाजिक संगठनों को जोड़ने की योजना है।
हर महीने नियमित बैठक
प्रबंधकारिणी की बैठक प्रत्येक माह के दूसरे गुरुवार को नियमित रूप से आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया, ताकि कार्यों की सतत समीक्षा और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।
टीबी मरीजों के लिए “निश्चय मित्र” पहल
बैठक में जिले के सभी टीबी मरीजों के लिए रेडक्रॉस के माध्यम से “निश्चय मित्र” बनाकर फूड बास्केट के रूप में पोषण आहार उपलब्ध कराने हेतु कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति बनी। इस पहल का उद्देश्य क्षय रोग से पीड़ित मरीजों को उपचार के साथ-साथ पोषण सहयोग प्रदान करना है।
कार्यालय स्थापना और ऑपरेटर नियुक्ति का प्रस्ताव
जिला शाखा के सुचारू संचालन के लिए कार्यालय की स्थापना तथा एक ऑपरेटर की नियुक्ति का प्रस्ताव रखा गया, जिससे जिले में रेडक्रॉस की गतिविधियों का नियमित एवं व्यवस्थित संचालन किया जा सके।
आगामी गतिविधियों पर चर्चा
बैठक में वर्ष 2026-27 में आयोजित की जाने वाली विभिन्न सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में उप सभापति ललिता यादव, राज्य प्रतिनिधि संजय पटेल, सदस्य मोरध्वज श्रीवास्तव, संदीप पांडेय, अरविंद मिश्रा एवं आनंद अग्रवाल सहित सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा उपस्थित रहे।