
कसडोल। नगर पंचायत कसडोल के भाजपा पार्षद भानु प्रताप साहू ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026-27 के बजट को “संकल्प से सिद्धि” की अवधारणा पर आधारित ऐतिहासिक और सर्वहितैषी बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश के किसान, युवा, महिला, मजदूर, व्यापारी और कर्मचारियों सहित हर वर्ग की आकांक्षाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
श्री साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट राज्य के समग्र विकास को नई दिशा देगा। इसमें अधोसंरचना विस्तार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि संकल्पों को धरातल पर उतारकर सिद्धि प्राप्त करना है।
उन्होंने उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा की सराहना करते हुए कहा कि दोनों नेताओं ने प्रदेश में सुशासन और विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। साथ ही वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत बजट को दूरदर्शी, संतुलित और विकासोन्मुख बताया।
श्री साहू ने आगे कहा कि यह बजट गांव, गरीब और किसान को केंद्र में रखकर बनाया गया है। इसमें कृषि उन्नयन, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, महिला सशक्तिकरण योजनाओं, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तथा बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष जोर दिया गया है।
अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री सहित समस्त कैबिनेट मंत्रीगण और विधायकों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि यह बजट छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा तथा प्रदेश को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।