भवानीपुर–खपरी मार्ग पर संदिग्ध हालात में युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

February 21, 2026

भवानीपुर (गिधपुरी थाना क्षेत्र)। भवानीपुर–खपरी मुख्य मार्ग के समीप खेत में एक युवक के घायल अवस्था में मिलने और बाद में उसकी मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान डायमंड ध्रुव (21 वर्ष), पिता पवन ध्रुव, निवासी ग्राम भवानीपुर के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डायमंड ध्रुव अपनी माता को बैंक छोड़ने गया था। बैंक में माता को छोड़ने के बाद वह अकेले मोटरसाइकिल से अपने गांव भवानीपुर लौट रहा था। इसी दौरान भवानीपुर और खपरी के बीच मुख्य सड़क के पास खेत में वह अचेत अवस्था में पड़ा मिला। राहगीरों ने युवक को खेत में देखा तो तत्काल परिजनों को सूचना दी।

परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में उसे तुरंत पलारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की असमय मृत्यु की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलते ही गिधपुरी थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी संदीप बंजारे ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। यह सड़क दुर्घटना है या किसी अन्य कारण से युवक खेत में पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए टीम गठित कर दी गई है और सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है।

पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment