कर्मचारी कॉलोनी में बड़ी चोरी: सूने मकान का ताला काटकर 30 लाख के जेवर-नकदी ले उड़े चोर, इलाके में दहशत

TEJASWI NATH SONI

February 19, 2026

कुंजराम यादव, बसना रिपोर्टर

पिथौरा। नगर से लगे लाहरौद स्थित कर्मचारी कॉलोनी में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लगभग 30 लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के जेवरात और नकदी की चोरी कर ली। घटना का पता बुधवार शाम उस समय चला जब परिवार के सदस्य घर लौटे और मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ पाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कर्मचारी कॉलोनी निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक चंद्रशेखर नायक अपनी पत्नी के साथ गुजरात तीर्थ यात्रा पर गए हुए थे। उनकी पुत्री प्रेमलता नायक खाटूश्याम दर्शन के लिए बाहर थीं, जबकि पुत्र राकेश नायक और बहू अंजू नायक आवश्यक कार्य से रायपुर गए हुए थे और वहीं रुक गए थे। मकान में रहने वाली किरायेदार भी उस दिन बाहर थी। घर पूरी तरह सूना होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने मुख्य गेट पर लगे बड़े ताले को ग्राइंडर मशीन से काटकर घर में प्रवेश किया। इसके बाद अंदर रखी आलमारी को तोड़कर लगभग 10 तोला सोने के जेवरात, 150 तोला चांदी के आभूषण तथा एक लाख रुपये से अधिक नकदी लेकर फरार हो गए। परिजनों के अनुसार कुल नुकसान लगभग 30 लाख रुपये के आसपास आंका जा रहा है।

घर लौटने पर बिखरा सामान और टूटी आलमारी देखकर परिवार स्तब्ध रह गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच प्रारंभ कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि कर्मचारी कॉलोनी क्षेत्र में इससे पूर्व भी चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं। कुछ माह पहले पास ही स्थित एक व्यवसायी की कार से करीब 10 लाख रुपये की चोरी हुई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही वारदातों से कॉलोनीवासियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

स्थानीय रहवासियों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग की है। उनका कहना है कि कॉलोनी में कई घर ऐसे हैं जहां परिवारजन अक्सर बाहर जाते रहते हैं, जिससे चोर गिरोह सक्रिय हो रहे हैं।

थाना प्रभारी सिद्धार्थ मिश्रा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। पुलिस ने क्षेत्रवासियों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील की है।

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

Leave a Comment