साइबर फ्रॉड का आरोपी कोलकाता से गिरफ्तार, 3.74 लाख की ठगी का खुलासा

TEJASWI NATH SONI

February 18, 2026

बलौदाबाजार। थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में साइबर फ्रॉड के एक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को कोलकाता (पश्चिम बंगाल) से गिरफ्तार किया है। आरोपी द्वारा मोबाइल पर ओटीपी मैसेज भेजकर प्रार्थी के बैंक खाते से कुल ₹3,74,000 की धोखाधड़ी की गई थी।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी महेंद्र कुमार त्रिपाठी निवासी संजय कॉलोनी बलौदाबाजार ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 12 दिसंबर 2025 को उनके मोबाइल पर एक संदिग्ध मैसेज आया, जिसे उन्होंने डिलीट कर दिया। इसके बाद 14 दिसंबर 2025 को पुनः एक मैसेज प्राप्त हुआ, जिसमें “डियर कस्टमर, इस योर वन टाइम पासवर्ड, प्लीज एंटर एंड प्रोसीड, थैंक यू, टीम जियो फाइनेंस” लिखा था। इसके तुरंत बाद उनके भारतीय स्टेट बैंक, गार्डन चौक शाखा स्थित खाते से चार किश्तों में कुल ₹3,74,000 निकलने का मैसेज प्राप्त हुआ।

रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 101/2026 धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण करते हुए मोबाइल नंबर, बैंक लेनदेन एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की।

जांच के दौरान आरोपी शौविक राजवंशी (उम्र 22 वर्ष) निवासी ग्राम सोदपुर, इंदिरा नगर वार्ड क्रमांक 112, थाना खोरदा, जिला नॉर्थ 24 परगना, कोलकाता (पश्चिम बंगाल) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर धोखाधड़ी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उसने बताया कि ठगी की राशि उसके बंधन बैंक खाते में जमा होती थी और बदले में उसे कमीशन के रूप में हिस्सा मिलता था।

पुलिस द्वारा आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

Leave a Comment