मनरेगा के मुद्दे पर कांग्रेस का कलेक्टर कार्यालय घेराव, बैरिकेड तोड़ा, पुलिस से झड़प

TEJASWI NATH SONI

February 17, 2026

जांजगीर-चांपा। मनरेगा में प्रस्तावित बदलाव के विरोध में कांग्रेस ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पहला सुरक्षा घेरा तोड़ दिया और कलेक्टर कार्यालय के सामने पहुंच गए, जिससे स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गई। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर झड़प भी हुई।

नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत के नेतृत्व में कांग्रेसी रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर लगाए गए टीन शेड गेट को हटाने का प्रयास किया, जिस पर तैनात पुलिस बल ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान धक्का-मुक्की की स्थिति बनी रही।

प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के सह प्रभारी विजय जांगिड़ भी शामिल रहे। जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप, अकलतरा विधायक राघवेंद्र सिंह, पामगढ़ विधायक शेषराज हरवंश और जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

कलेक्टर कार्यालय परिसर की सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन की ओर से पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी गई और अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मनरेगा में किए जा रहे बदलाव मजदूरों के हित में नहीं हैं और इससे ग्रामीण श्रमिकों की आजीविका प्रभावित होगी। वहीं प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

Leave a Comment