जिला बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा आकस्मिक परिस्थितियों एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु गठित SWAT टीम के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में यह प्रशिक्षण पुलिस लाइन बलौदाबाजार में प्रातः 7 बजे से संपन्न हुआ।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, जिले में किसी भी आकस्मिक घटना, भीड़ नियंत्रण अथवा कानून-व्यवस्था की चुनौतीपूर्ण स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के उद्देश्य से SWAT टीम का गठन किया गया है। इस टीम में जिले के विभिन्न थाना-चौकियों में पदस्थ अधिकारी एवं कर्मचारियों को चयनित कर शामिल किया गया है।
बलवा ड्रिल का पूर्वाभ्यास
प्रशिक्षण के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बलवा ड्रिल का सजीव पूर्वाभ्यास किया गया। रक्षित निरीक्षक उषा ठाकुर एवं सहायक उप निरीक्षक संजीव राजपूत के नेतृत्व में पुलिस बल को विभिन्न भूमिकाओं—बलवाई, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, मेडिकल टीम, अश्रु गैस टीम एवं राइफल पार्टी—का गठन कर अभ्यास कराया गया।
आधुनिक उपकरणों के उपयोग का प्रशिक्षण
SWAT टीम के सदस्यों को आकस्मिक परिस्थितियों में उपयोग किए जाने वाले उपकरणों की जानकारी देते हुए हैंड स्टन ग्रेनेड, डाई मार्कर एवं शॉर्ट रेंज सेल (अश्रु गैस) के सुरक्षित एवं प्रभावी प्रयोग का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान दंगा नियंत्रण की समस्त प्रक्रियाओं का चरणबद्ध अभ्यास कराया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस प्रकार के नियमित अभ्यास से पुलिस बल की तैयारी और समन्वय क्षमता में वृद्धि होती है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। जिला पुलिस द्वारा भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम जारी रखने की बात कही गई है।