बसना। जनपद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ठाकुरपाली में आयोजित अष्टप्रहरी संकीर्तन हरिनाम यज्ञ श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बना रहा। कार्यक्रम में जनपद पंचायत बसना के सभापति एवं क्षेत्र क्रमांक 21 अंकोरी के जनपद सदस्य प्रकाश सिन्हा विशेष रूप से उपस्थित हुए।
सभापति सिन्हा ने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया और भोग-भंडारे में सहभागिता करते हुए ग्रामवासियों से आत्मीय मुलाकात की। विभिन्न कीर्तन मंडलियों ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। हरिनाम संकीर्तन से ग्राम में आध्यात्मिक उल्लास और सामूहिक एकता का संदेश प्रसारित हुआ।
इस अवसर पर सिन्हा ने कहा कि अष्टप्रहरी संकीर्तन और हरिनाम यज्ञ हमारी सनातन परंपरा की अमूल्य धरोहर है। “हरे कृष्ण, हरे राम” महामंत्र का जप मन को शांति और ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि सोलह नामों एवं बत्तीस वर्णों से युक्त महामंत्र का कीर्तन कलियुग में आत्मकल्याण का सरल और प्रभावी मार्ग माना गया है। सामूहिक संकीर्तन से समाज में सद्भाव, सकारात्मक सोच और आध्यात्मिक जागरण का विस्तार होता है।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल समस्या एवं अन्य स्थानीय मुद्दों से सभापति को अवगत कराया। श्री सिन्हा ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों से समन्वय कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर अंकोरी सोसायटी अध्यक्ष मुरलीधर नायक, नगर पंचायत बसना के पार्षद राकेश डडसेना, सरपंच प्रतिनिधि बिहारी लाल बारीहा, पंच विपिन बारीक, पूर्व सरपंच कौशिक प्रधान, श्याम प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।