बलौदाबाजार, 10 फरवरी 2026।
राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के अंतर्गत जिले में मंगलवार से सामूहिक दवा सेवन कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस अवसर पर कलेक्टर दीपक सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सामूहिक रूप से दवा सेवन कर अभियान में सहभागिता निभाई।
कलेक्टर श्री सोनी ने कहा कि फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से समाप्त करने के लिए यह राष्ट्रीय अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें सभी नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि दवा सेवन स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में ही कराया जाए। इसके लिए टीम गठन, बूथ चिन्हांकन, प्रशिक्षण एवं दवाओं की व्यवस्था जैसी सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने अभियान की कड़ी निगरानी करने की बात कहते हुए लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी ने बताया कि यह सामूहिक दवा सेवन गतिविधि 10 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक चलेगी। अभियान के पहले तीन दिनों में बूथवार दवा सेवन कराया जाएगा। इसके बाद 13 से 22 फरवरी तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर दवा सेवन कराएंगी। वहीं 23 से 25 फरवरी के बीच मॉप-अप राउंड के माध्यम से छूटे हुए लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
इसी दौरान कलेक्टर श्री सोनी ने समय-सीमा की बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए गिरौदपुरी मेला की तैयारियों के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सभी तैयारियां 18 फरवरी तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मेले में सुदृढ़ कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए राज्य स्तर से राज्य प्रशासनिक सेवा के 22 अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जा रही है।
मेले की व्यवस्थाओं के तहत इस वर्ष 50 सीसीटीवी कैमरे, साफ-सफाई के लिए सहायता समूह, स्वच्छग्रही एवं नगर पालिका के लगभग 400 सफाई कर्मचारी, 10 स्थानों पर अस्थायी मेडिकल कैंप, 6 बेड का स्थायी अस्पताल, 10 एंबुलेंस, 30 वाहन पार्किंग स्थल, 9 पुलिस कंट्रोल रूम, 250 अस्थायी टेप नल, 37 टैंकर तथा 5 फायर ब्रिगेड की तैनाती की जाएगी। इसके अतिरिक्त, मेले में जनसुविधाओं की जानकारी सहज रूप से उपलब्ध कराने के लिए वेबसाइट का निर्माण भी कराया जा रहा है।
बैठक में गणवीर धम्मशील, अपर कलेक्टर दीप्ति गौते, अभिषेक गुप्ता, अवध राम टंडन, निशा नेताम मड़ावी सहित एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।