कसडोल में सक्षम द्वारा दिव्यांग सम्मेलन एवं कार्यकर्ता मिलन समारोह सम्पन्न

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

February 10, 2026

कसडोल।
कल दिनांक 08 फरवरी 2026 को कसडोल में सक्षम (समदृष्टि क्षमता अनुसंधान एवं मंडल) द्वारा आयोजित दिव्यांग सम्मेलन एवं सक्षम कार्यकर्ता मिलन समारोह सफलता पूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ ऋषि अष्टावक्र एवं संत सूरदास जी की पूजा-अर्चना के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में सक्षम के प्रांत संगठन मंत्री श्री रामजी रजवाड़े जी ने संगठन का परिचय देते हुए उसके उद्देश्यों एवं दिव्यांग सशक्तिकरण हेतु किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आद्या हॉस्पिटल के संचालक एवं सिविल सर्जन डॉ. श्री सुरेन्द्र दिव्यकार जी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है तथा दिव्यांगजनों की सेवा ईश्वर की सच्ची आराधना है और इस पुनीत सेवा कार्य के लिए सक्षम संगठन को बधाई दी। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. श्री राजेश अवस्थी जी ने सक्षम के उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा करते हुए प्रत्येक दिव्यांग को स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष बल दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. श्री निशांत वाजपेई जी ने की। उन्होंने पंच परिवर्तन विषय पर अपने विचार रखते हुए जाति, मत और पंथ से ऊपर उठकर समाजहित में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित चर्चा सत्र में दिव्यांगजनों एवं समाजसेवियों ने अपने अनुभव, समस्याएँ एवं सुझाव साझा किए, जिनका समाधान उपस्थित विशेषज्ञों द्वारा किया गया। इस अवसर पर अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में कोपल वाणी की संचालिका एवं प्रांत महिला प्रमुख पद्मा शर्मा दीदी तथा प्रांत युवा आयाम प्रमुख श्री शरद चंद्रा जी उपस्थित रहे। उन्होंने सक्षम के सात आयामों एवं संगठन के विभिन्न प्रकोष्ठों की जानकारी दी। सक्षम गीत की सुंदर प्रस्तुति बलौदाबाजार ब्लॉक संयोजक अर्चना बघेल दीदी द्वारा दी गई।

कार्यक्रम का कुशल संचालन जिला सचिव श्री नूतन सेन जी ने किया। उत्कृष्ट आयोजन एवं समन्वय के लिए सभी ने कसडोल ब्लॉक अध्यक्ष श्री मोतीलाल बंजारे जी की प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी। कार्यक्रम के अंत में समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजसेवियों एवं रक्तदाताओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, दिव्यांग सेवा, गौ सेवा एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इसी क्रम में कार्यकारिणी विस्तार के अंतर्गत विभिन्न दायित्वों की घोषणा की गई। कार्यक्रम का औपचारिक समापन सक्षम उपाध्यक्ष श्री नीलकंठ पटेल जी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में कसडोल नगर के जनप्रतिनिधि श्री पूर्णेन्द्र मिश्रा, जिला महिला आयाम प्रमुख शशिप्रभा वर्मा, संरक्षक डॉ. श्री रामकुमार साहू जी सहित बड़ी संख्या में दिव्यांगजन, समाजसेवी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की सफलता पर सभी ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए दिव्यांग सेवा को नारायण सेवा मानकर निरंतर सेवा कार्य करने का संकल्प लिया।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment