रायपुर/कोरबा । दिनांक 30 जनवरी 2026 रायपुर (छत्तीसगढ़) में आयोजित 16वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2025-26 में कोरबा जिले के प्रतिभावान खिलाड़ी ओंकारेश्वर प्रसाद सोनवानी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भाला फेंक एवं गोला फेंक स्पर्धाओं में दो स्वर्ण पदक अर्जित कर जिले और प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
उक्त राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 28 जनवरी से 30 जनवरी 2026 तक तीन दिवसीय रूप में पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ द्वारा किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन स्थल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स मैदान, कृषि महाविद्यालय, जोरा, रायपुर (छ.ग.) रहा, जिसमें छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आए पैरा खिलाड़ियों ने सहभागिता की।
प्रतियोगिता के दौरान भाला फेंक एवं गोला फेंक दोनों ही स्पर्धाओं में ओंकारेश्वर प्रसाद सोनवानी ने सटीक तकनीक, अनुशासन एवं आत्मविश्वास का परिचय देते हुए अन्य प्रतिभागियों को पीछे छोड़ प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन की आयोजकों एवं उपस्थित दर्शकों द्वारा भूरि-भूरि प्रशंसा की गई।

ग्राम खोड्डल, जिला कोरबा निवासी ओंकारेश्वर प्रसाद सोनवानी ने अपनी सफलता का श्रेय कठिन परिश्रम, निरंतर अभ्यास तथा परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने बताया कि भविष्य में उनका लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर की पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ एवं देश का नाम रोशन करना है।
उल्लेखनीय है कि ओंकारेश्वर प्रसाद सोनवानी वर्तमान में सक्षम दिव्यांग सेवा समिति, कोरबा में जिला क्रीड़ा आयाम प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। उनके द्वारा जिले के दिव्यांगजनों को खेल के माध्यम से आगे बढ़ने हेतु सतत मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन प्रदान किया जा रहा है।
उनकी इस उपलब्धि पर सक्षम जिला इकाई कोरबा के जिला संरक्षक वीणा अग्रवाल, जिला अध्यक्ष ज्योति श्रीवास, उपाध्यक्ष वीणा राही, सचिव लोकनाथ सेन, सह-सचिव ज्ञान दास महंत, कोषाध्यक्ष मेशराम पटेल सहित समस्त कार्यकारिणी सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।