बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। यहां एक युवक ने शादी से इनकार करने पर अपनी शादीशुदा प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले गला दबाकर महिला को बेहोश किया, फिर करीब 50 मीटर तक घसीटकर ले गया और पत्थर से सिर कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद शव को जंगल में पत्थरों के नीचे छिपाकर फरार हो गया।
मृतिका कमला राजपूत
मामला डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र का है। मृतिका की पहचान कमला राजपूत (35) निवासी पाररास गांव के रूप में हुई है। वहीं आरोपी नेमीचंद साहू (29) तरौद गांव का रहने वाला है।
जंगल से बदबू आने पर हुआ खुलासा
घटना का खुलासा 24 जनवरी को हुआ, जब ग्रामीण जंगल की ओर गए थे। वहां से तेज बदबू आने पर उन्हें किसी वारदात की आशंका हुई। सूचना पर डौंडीलोहारा पुलिस मौके पर पहुंची, जहां एक महिला की सड़ी-गली लाश बरामद हुई। शव की कलाई पर ‘KL’ टैटू बना हुआ था।
पुलिस ने आसपास के इलाकों में गुमशुदा महिलाओं की जानकारी जुटाई। टैटू के आधार पर मृतिका के भाई ने शव की पहचान अपनी बहन कमला राजपूत के रूप में की।
5 साल से चल रहा था प्रेम संबंध
बालोद एसपी योगेश पटेल ने बताया कि कमला की शादी करीब 10 साल पहले दुर्ग में हुई थी। शादी के कुछ महीनों बाद वह अपने मायके पाररास लौट आई थी और मजदूरी कर जीवनयापन कर रही थी। इसी दौरान उसकी पहचान तरौद निवासी नेमीचंद साहू से हुई। दोनों के बीच पिछले 5 वर्षों से प्रेम संबंध था।
शराब पीकर बनाया शादी का दबाव
16 जनवरी को नेमीचंद, कमला को घुमाने के बहाने बाइक से गुरामी डैम के पास जंगल ले गया। वहां उसने शराब पी और कमला से फोन पर अन्य लोगों से बात करने को लेकर शक जताने लगा। इसके बाद आरोपी ने उससे उसी दिन घर चलकर शादी करने का दबाव बनाया।
कमला के शादी से इनकार करने पर आरोपी गुस्से में आ गया। नशे की हालत में उसने पहले कमला का गला दबाकर बेहोश किया, फिर उसे करीब 50 मीटर तक घसीटा और पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी।
शव छिपाया, मोबाइल से पुलिस को किया गुमराह
हत्या के बाद आरोपी ने आसपास पड़े पत्थरों से शव को ढक दिया और मौके से फरार हो गया। वह कमला का मोबाइल अपने साथ ले गया। अगले दिन 17 जनवरी को उसने सबूत मिटाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए कमला का मोबाइल पाररास क्षेत्र में ऑन किया।
तकनीकी साक्ष्यों से पकड़ा गया आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी योगेश पटेल ने तीन विशेष जांच टीमें गठित कीं। पुलिस ने लोकेशन ट्रैकिंग, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी नेमीचंद साहू को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी पहले पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने शक और नशे की हालत में हत्या की।
26 जनवरी को हत्याकांड का खुलासा
बालोद पुलिस ने 26 जनवरी को पूरे हत्याकांड का खुलासा किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।