
भवानीपुर।
पुलिस थाना गिधपुरी अंतर्गत ग्राम भवानीपुर के मेन रोड नाला के पास शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रैक्टर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
थाना प्रभारी गिधपुरी संदीप बंजारे ने बताया कि आवेदक कृष्णा कमल पिता मनोज कमल, निवासी ग्राम तमोरी, थाना गिधपुरी द्वारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट के अनुसार वे हेमलाल साहू के घर से दो ट्रैक्टरों में धान लोड कर धान मंडी भवानीपुर की ओर जा रहे थे।
आगे चल रहे ट्रैक्टर क्रमांक CG04 MT 8839 को हेमलाल साहू चला रहे थे, जिसके इंजन पर गुलाल देवदास एवं भागवत साहू (दोनों निवासी ग्राम तमोरी) बैठे हुए थे। जब ट्रैक्टर भवानीपुर मेन रोड नहर पुलिया के पास धान मंडी की ओर मुड़ने के लिए रुका, तभी पीछे से आ रही ट्रक क्रमांक CG-22 J 9911 के चालक राम विशाले साहू पिता रघुवंश प्रसाद साहू, निवासी कठर्रा थाना बाहरी जिला मध्यप्रदेश, ने लापरवाहीपूर्वक व खतरनाक ढंग से वाहन चलाते हुए ट्रैक्टर को ओवरटेक किया और सामने खड़े ट्रैक्टर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर के इंजन पर बैठे तीनों लोग उछलकर नीचे गिर पड़े, वहीं उन पर धान की बोरियां भी आ गिरीं। घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए धान की बोरियां हटाकर घायलों को बाहर निकाला।
तीनों घायलों को तत्काल चार पहिया वाहन से जिला अस्पताल बलौदा बाजार भेजा गया, जहां से उन्हें ओमकार हॉस्पिटल बलौदा बाजार में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार घायल गुलाल देवदास की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य दो घायलों का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संदीप बंजारे, आरक्षक प्रताप बंजारे सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। दुर्घटना के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी, जिसे पुलिस व ग्रामीणों की सहायता से सुचारू रूप से हटाया गया।
इस दौरान ग्रामीणों ने थाना प्रभारी से उक्त स्थल पर बैरिकेट व स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के पास ही धान उपार्जन केंद्र, हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल एवं पंचायत भवन स्थित हैं तथा पूर्व में भी यहां एक छात्र के साथ दुर्घटना हो चुकी है। भारी वाहनों की आवाजाही के कारण यहां दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि संबंधित विभाग को प्रस्ताव भेजकर यथासंभव आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।