
बलौदाबाजार। 22 जनवरी 2026 भाटापारा तहसील के ग्राम बकुलाही स्थित रियल इस्पात स्टील प्लांट में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक औद्योगिक हादसा हो गया। प्रातः लगभग 9:40 बजे क्लीन सेक्शन से निकल रहे डस्ट सेटलिंग चैंबर (DSC) में अचानक हुए ब्लास्ट से चैंबर के नीचे कार्यरत 6 श्रमिकों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि 5 अन्य श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया और उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बिलासपुर स्थित बर्न ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर दीपक सोनी एवं पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
जिला प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से रियल इस्पात प्लांट को तत्काल प्रभाव से सील करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, घटना की विस्तृत जांच के लिए एसडीएम की अध्यक्षता में जांच समिति गठित कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश जारी किए गए हैं। प्लांट प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक एवं घायल श्रमिक अन्य राज्यों के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे के कारणों की पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया गया है।
जांच पूरी होने तक प्लांट में सभी गतिविधियां प्रतिबंधित रहेंगी।