सारंगढ़-बिलाईगढ़ में गुलाब डड़सेना ने संभाला जिला जनसंपर्क अधिकारी का दायित्व
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू से भेंट कर प्राप्त किया मार्गदर्शन, शासन-प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय को बताया प्राथमिकता
जनसंपर्क विभाग में लंबे अनुभव के साथ नई जिम्मेदारी; रायगढ़ में महज 11 माह में 1200 से अधिक लोकहितकारी समाचारों के संपादन एवं प्रकाशन में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
रिकोकला। नवगठित सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में जिला जनसंपर्क अधिकारी एवं सहायक संचालक के पद पर श्री गुलाब डड़सेना ने बुधवार को विधिवत पदभार ग्रहण किया। नई जिम्मेदारी संभालने के बाद उन्होंने जिला कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू से सौजन्य भेंट कर जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास गतिविधियों, विभिन्न अभियानों एवं जिला प्रशासन की अभिनव पहलों के प्रभावी प्रचार-प्रसार को लेकर मार्गदर्शन एवं आवश्यक निर्देश प्राप्त किए।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने श्री डड़सेना को नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिले में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन हो रहा है। इन योजनाओं की जानकारी सहज, सरल एवं प्रभावी तरीके से ग्रामीणों तथा पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना जनसंपर्क विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने जिले में पर्यटन विकास की व्यापक संभावनाओं को भी प्रभावी प्रचार-प्रसार के माध्यम से सामने लाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर श्री गुलाब डड़सेना ने कहा कि जनसंपर्क शासन और जनता के बीच संवाद की महत्वपूर्ण कड़ी है। उनका प्रयास रहेगा कि शासन की प्राथमिकताओं, जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं जिला प्रशासन की सकारात्मक पहलों की जानकारी समयबद्ध, तथ्यपरक एवं सरल भाषा में आमजन तक पहुंचे। इसके लिए जनसंपर्क विभाग की टीम के साथ प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, वेबपोर्टल एवं सोशल मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए जिले के सूचना तंत्र को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाया जाएगा।
पदभार ग्रहण करने के पश्चात श्री डड़सेना ने जनसंपर्क कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों से परिचय प्राप्त कर कार्यालयीन कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने टीम भावना के साथ कार्य करते हुए शासन-प्रशासन की योजनाओं, विकास कार्यों एवं जनहितकारी पहलों को व्यापक स्तर पर आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया। साथ ही जिले के वरिष्ठ पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों से भी परिचय प्राप्त कर जनसरोकार से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
कार्यभार ग्रहण के दौरान जिला जनसंपर्क कार्यालय में पदस्थ रहे सहायक जनसंपर्क अधिकारी श्री देवराम यादव, ई-जिला प्रबंधक श्री गंगाधर विश्वकर्मा, सोशल मीडिया जिला प्रबंधक श्री सोनू साहू, सहायक ग्रेड-3 श्री अजय सिदार, श्री प्रेमशंकर पटेल, ऑपरेटर श्री कृष्णा यादव, फोटोग्राफर श्री आकाश सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारियों ने श्री डड़सेना को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। वहीं सारंगढ़ क्षेत्र के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं वेबपोर्टल से जुड़े मीडिया प्रतिनिधियों ने भी विभिन्न संचार माध्यमों के जरिए उन्हें नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
जनसंपर्क विभाग में लंबा अनुभव
श्री गुलाब डड़सेना को जनसंपर्क विभाग में कार्य करने का लंबा एवं समृद्ध अनुभव प्राप्त है। वर्ष 2012 से 2025 तक उन्होंने कबीरधाम (कवर्धा) जिले में जनसंपर्क विभाग के विभिन्न पदों पर सेवाएं दीं। इस दौरान शासन, प्रशासन एवं मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए उन्होंने अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया।
कबीरधाम जिले में अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने लगभग 11 कलेक्टरों के साथ कार्य किया तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास गतिविधियों एवं प्रशासनिक अभियानों के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके उल्लेखनीय कार्यों एवं सक्रिय योगदान के लिए उन्हें अनेक अवसरों पर जिला स्तर पर सम्मानित भी किया जा चुका है।
रायगढ़ में 11 माह में 1200 से अधिक समाचारों के संपादन एवं प्रकाशन में योगदान
रायगढ़ जिले में सहायक संचालक एवं जिला जनसंपर्क अधिकारी के दायित्वों का निर्वहन करते हुए श्री डड़सेना ने लगभग 11 माह के कार्यकाल में शासन की प्राथमिकताओं, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं जिला प्रशासन की गतिविधियों पर आधारित 1200 से अधिक समाचारों के संपादन एवं प्रकाशन कार्य में योगदान दिया।
इसके अतिरिक्त उन्होंने 100 से अधिक सफलता की कहानियों, लेख, आलेख एवं संपादकीय सामग्री के लेखन-संपादन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मीडिया प्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए उन्होंने शासन की योजनाओं एवं प्रशासन की लोकहितकारी गतिविधियों को आमजन तक पहुंचाने में प्रभावी योगदान दिया।
रिकोकला से रहा है विशेष जुड़ाव, पिता की सामाजिक विरासत भी बनी पहचान
श्री गुलाब डड़सेना का मूल जुड़ाव वनाँचल क्षेत्र रहा है व उनकी जन्मभूमि **ग्राम रिकोकला है।उनके पिता स्वर्गीय **श्री जयलाल डड़सेना ग्राम रिकोकला के सरपंच रेह चुके हैं। अपने कार्यकाल एवं सामाजिक जीवन के दौरान स्वर्गीय जयलाल डड़सेना का ग्राम रिकोकला सहित आसपास के वनांचल क्षेत्र में मजबूत जनाधार एवं प्रभावशाली सामाजिक व्यक्तित्व रहे है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों के बीच अपनी सहजता, सक्रियता एवं जनसरोकारों से जुड़कर एक अलग पहचान बनाई थी।
पिता की इसी सामाजिक एवं जनसेवा की विरासत से जुड़े श्री गुलाब डड़सेना ने भी अपने कार्यक्षेत्र में जिम्मेदारी, अनुशासन एवं जनसरोकार को प्राथमिकता देते हुए अपनी अलग पहचान बनाई है। ऐसे में उनके अपने ही क्षेत्र से लगे सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्व संभालने से ग्राम रिकोकला सहित पूरे वनांचल क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।
श्री डड़सेना के जिला जनसंपर्क अधिकारी बनने की खबर से क्षेत्रवासियों, शुभचिंतकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं मीडिया प्रतिनिधियों में हर्ष व्याप्त है। उन्हें बधाई देने वालों का सिलसिला लगातार जारी है। क्षेत्रवासियों का मानना है कि उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव, मीडिया के साथ बेहतर समन्वय एवं जनसंपर्क के क्षेत्र में अर्जित दक्षता का लाभ नवगठित सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले को मिलेगा तथा शासन-प्रशासन की जनहितकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने में वे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
डड़सेना जी को बधाई देने वालों में प्रमुख रूप से रिकोकला सरपंच राज दीवान, उपसरपंच हिरा दीवान, समाजसेवी रतन सिंह डड़सेना, रुपसिंह डड़सेना,आदिवासी नेता संतोष दीवान,चेतन डड़सेना, हेमंत डड़सेना, नंद कुमार डड़सेना,समाजसेवी सुरेश शुक्ला,पी.आर.डड़सेना,लाला साहू, मोनू बघेल, अजय डड़सेना, किशन डड़सेना,गौर सिंह डड़सेना,टेकराम डड़सेना, अभिषेक अवस्थी,विकास अवस्थी, लितेश डड़सेना, सुनील दीक्षित,राजेंद्र सोनी,बसंत त्रीवेदी, शशि त्रीवेदी, प्रकाशचंद नेताम, दिनेश त्रीवेदी,कलप डड़सेना, गौरसिंह डड़सेना, मेदनी अवस्थी, टेकलाल डड़सेना शामिल रहें।