निर्माण कार्यों में तेजी लाकर तय समय पर पूर्ण कराएं — कलेक्टर

TEJASWI NATH SONI

January 14, 2026

कलेक्टर दीपक सोनी ने मंगलवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में जिले में प्रगतिरत निर्माण कार्यों की प्रगति पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यों में तेजी लाकर उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए।

कलेक्टर श्री सोनी ने कहा कि निर्माण कार्यों में प्रगति के लिए आगामी 3 से 4 माह का समय अत्यंत उपयुक्त है। इस अवधि का अधिकतम उपयोग करते हुए सड़क सहित अन्य निर्माण कार्यों में गति लाई जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत टेंडर प्रक्रिया में लंबित कार्यों को भी शीघ्र आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने नियमित कोर्ट आयोजित कर लंबित मामलों के त्वरित निराकरण पर बल दिया। वहीं, एसआईआर के अंतर्गत मतदाताओं से प्राप्त दावा–आपत्तियों की सुनवाई नियमानुसार एवं तय समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश सभी एईआरओ को दिए गए। उन्होंने एसआईआर कार्य में पूरी सावधानी और सतर्कता बरतने की बात कही।

धान खरीदी की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि अंतिम 15 दिन शेष हैं और इस अवधि में बिचौलियों की सक्रियता बढ़ जाती है। उन्होंने अवैध धान बिक्री रोकने के लिए कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। तहसीलदारों एवं मंडी की टीमों को लगातार जांच कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि कहीं भी अवैध धान खरीदी न हो।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री जनदर्शन, मुख्यमंत्री सचिवालय, सीपी ग्राम्स तथा समय-सीमा से संबंधित आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में डीएफओ गणवीर धम्मशील, सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुश्री दीप्ति गौते, अवध राम टंडन, निशा नेताम मड़ावी सहित एसडीएम, जनपद सीईओ एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

Leave a Comment