बिलासपुर। 13 जनवरी 2026 कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने आज आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में दूर-दराज से पहुंचे ग्रामीणों एवं शहरवासियों की समस्याएं गंभीरतापूर्वक सुनीं। उन्होंने जनदर्शन में आए प्रत्येक आवेदक से व्यक्तिगत रूप से आवेदन प्राप्त कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनदर्शन के दौरान नागरिकों ने व्यक्तिगत एवं सामुदायिक हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी समस्याएं रखीं। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे तथा जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल ने भी लोगों की शिकायतें सुनीं और निराकरण की प्रक्रिया में सहयोग किया।
जनदर्शन में ग्राम पंचायत मिट्ठू नवागांव के ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपकर ग्राम पंचायत में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के लिए भवन निर्माण की मांग की। इस पर कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
लिंगियाडीह निवासी वृद्धा गुंजा धुरी ने शासन की आवास योजना के अंतर्गत आवास उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि उनके पति का देहांत हो चुका है, वे अत्यंत निर्धन हैं तथा आय का कोई साधन नहीं है। उन्होंने शहर क्षेत्र में अटल आवास दिलाने का अनुरोध किया, ताकि परिवार के साथ सम्मानजनक जीवन-यापन कर सकें। कलेक्टर ने उनका आवेदन नगर निगम आयुक्त को सौंपा।
बिल्हा विकासखंड के ग्राम बोड़सरा निवासी अजय ने स्वयं का रोजगार स्थापित करने के लिए शासन की योजना अंतर्गत ऋण उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि वे वेल्डिंग दुकान खोलना चाहते हैं। इस पर कलेक्टर ने प्रकरण लीड बैंक ऑफिसर को सौंपते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कोटा के कुरदर निवासी हरिश्चंद्र मिरी ने लक्ष्मी प्रसाद द्वारा उनकी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे की शिकायत की। उन्होंने बताया कि लगभग 100 डिसमिल भूमि उनके, आनंदबाई तथा लक्ष्मी प्रसाद के नाम पर दर्ज है, जिस पर लक्ष्मी प्रसाद द्वारा कब्जा कर खेती की जा रही है, जिससे भूमि बंटवारे को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई है।
वहीं बिल्हा के ग्राम मदनपुर के ग्रामीणों ने सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत जानकारी नहीं मिलने की शिकायत कलेक्टर से की। कलेक्टर ने इस मामले में एसडीएम कोटा को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनदर्शन में इसके अतिरिक्त जमीन के अवैध कब्जे, भूमि विवाद, नामांतरण, सीमांकन तथा शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने संबंधी अनेक आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।