बलौदाबाजार-भाटापारा, 03 जनवरी 2026/
जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना लवन पुलिस द्वारा एक बार फिर प्रभावी कार्रवाई करते हुए शराबी वाहन चालक को पकड़कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 02 जनवरी 2026 को थाना लवन पुलिस ने ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक वाहन चालक को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को मौके पर ही जब्त किया और चालक के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे माननीय न्यायालय में पेश किया।
माननीय न्यायालय द्वारा मामले की सुनवाई उपरांत लवन निवासी नरेश मनहरे (उम्र 50 वर्ष) को शराब पीकर वाहन चलाने का दोषी पाए जाने पर ₹10,000 का अर्थदंड लगाया गया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों, विशेषकर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें।