सरायपाली। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सरायपाली सुश्री अनुपमा आनंद (आईएएस) द्वारा सुदूर अंचल में स्थित शासकीय उच्च प्राथमिक शाला एवं हायर सेकेंडरी स्कूल टेमरी का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन योजना, विद्यार्थी विकास सूचकांक, दीवार लेखन, विद्यांजलि पोर्टल, स्वच्छता एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार से अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के समय एसडीएम सरायपाली ने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया और शिक्षण गुणवत्ता की स्थिति जानी। उन्होंने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, भोजनालय की साफ-सफाई एवं खाद्य सामग्री के भंडारण की भी जांच की। इस दौरान आवश्यक सुधार हेतु संबंधित प्रधानपाठक एवं विद्यालय स्टाफ को दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही वर्तमान में संचालित अर्धवार्षिक परीक्षा की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया।
एसडीएम सुश्री अनुपमा आनंद ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विद्यालय प्रबंधन को नियमित रूप से स्वच्छता, अनुशासन एवं शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान संकुल प्रभारी सरधा राम सिदार एवं संकुल समन्वयक हेमचंद पटेल भी उपस्थित रहे।