जांजगीर-चाम्पा।
22 दिसंबर को माननीय केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगतप्रकाश नड्डा के जांजगीर आगमन को लेकर भाजपा प्रदेश नेतृत्व द्वारा एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, सुरक्षा व्यवस्था, जनसहभागिता तथा संगठनात्मक दायित्वों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जानकारी के अनुसार, श्री नड्डा सुबह 11 बजे जांजगीर के खोखरा पुलिस ग्राउंड में आयोजित विशाल आम जनसभा को संबोधित करेंगे। 50 हजार से अधिक क्षमता वाले इस मैदान में होने वाली जनसभा को छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय सरकार के सफल दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “जनादेश पर्व” के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी प्रस्तावित है।
कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए शासन-प्रशासन एवं भाजपा संगठन द्वारा व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं। जांजगीर शहर को भगवामय रूप में सजाने की जिम्मेदारी भारतीय जनता युवा मोर्चा को सौंपी गई है।
इस भव्य आयोजन में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री किरण सिंह देव, उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव एवं श्री विजय शर्मा, प्रभारी मंत्री श्री ओमप्रकाश चौधरी सहित सभी मंत्री, सांसद, विधायक, निगम-मंडल अध्यक्ष, प्रदेश व जिला पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। महतारी दीदी कार्यक्रम के माध्यम से मातृशक्ति की भी उल्लेखनीय भागीदारी रहेगी।
बैठक के दौरान वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि श्री नड्डा का जांजगीर आगमन पूरे बिलासपुर संभाग के लिए गौरव का विषय है। यह जनसभा सरकार की उपलब्धियों के उत्सव के साथ-साथ जनता के विश्वास और समर्थन का प्रतीक बनेगी। संगठन स्तर पर सभी तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।