पेंशनर दिवस पर वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान, कलेक्टर दीपक सोनी महासम्मेलन में हुए शामिल

TEJASWI NATH SONI

December 17, 2025

बलौदाबाजार, 17 दिसम्बर 2025/

छत्तीसगढ़ पेंशनधारी कल्याण संघ द्वारा बुधवार को जिला ऑडिटोरियम, बलौदाबाजार में 24वां प्रांतीय पेंशनर दिवस महासम्मेलन आयोजित किया गया। महासम्मेलन में कलेक्टर दीपक सोनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पेंशनरों का सम्मान किया गया।

 

महासम्मेलन को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री सोनी ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा जनसेवा में समर्पित किया है। सेवानिवृत्ति के पश्चात भी उनका अनुभव समाज और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक अपने अनुभवों के माध्यम से युवाओं का मार्गदर्शन कर सकते हैं, जिससे समाज को निरंतर दिशा मिलती रहे।

 

कलेक्टर ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण कर रजत जयंती महोत्सव मना रहा है, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक प्रदेश को विकसित राज्य बनाने की दिशा में मजबूत नींव रखने का कार्य वरिष्ठ पीढ़ी ने किया है।

 

उन्होंने शासन द्वारा पेंशनरों के हित में की जा रही पहलों का उल्लेख करते हुए बताया कि ऑनलाइन जीवन प्रमाण पत्र जैसी सुविधा से पेंशनधारी घर बैठे ही अपना प्रमाण पत्र बैंक को भेज सकते हैं, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानी से राहत मिल रही है। अंत में कलेक्टर श्री सोनी ने सभी वरिष्ठ नागरिकों के स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

 

इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. डी.पी. मनहर, प्रांतीय महासचिव रतनलाल कैवर्त्य, जिला कोषालय अधिकारी सौम्या शर्मा सहित पेंशनधारी कल्याण संघ के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment