महानदी घाट से अवैध रेत उत्खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, ठेलकी पंचायत में रेत से लदे पांच ट्रैक्टर पकड़े गए

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

December 14, 2025


पलारी तहसील के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में महानदी घाट से लंबे समय से चल रहे अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिला प्रशासन के दिशा-निर्देश पर नायाब तहसीलदार पलारी श्री ईश्वर केंवट ने कार्रवाई करते हुए ठेलकी पंचायत क्षेत्र में रेत से भरे पांच ट्रैक्टरों को पकड़ लिया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार ये सभी ट्रैक्टर महानदी घाट से अवैध रूप से रेत निकालकर पंचायत मार्ग से परिवहन कर रहे थे। प्रशासनिक टीम ने मौके पर ही सभी वाहनों को रोककर रेत सहित पंचनामा तैयार किया और आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए ट्रैक्टरों को तहसील कार्यालय भेज दिया गया है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार इस मार्ग से रोज़ाना कई ट्रैक्टर अवैध रूप से रेत ढोते थे। तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग के कारण कई बार गंभीर हादसे भी हो चुके हैं, जिससे ग्रामीणों में भय और नाराजगी का माहौल बना हुआ था। लंबे समय से इस अवैध गतिविधि पर रोक लगाने की मांग की जा रही थी।

प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक बलौदा बाजार कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के मामलों में अब जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। आने वाले दिनों में निगरानी और तेज की जाएगी तथा दोषियों के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

प्रशासन ने साफ कर दिया है कि क्षेत्र में प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment