भरसेली के किसान देवनाथ वैष्णव ने बेचा 153 कट्टा धान, पारदर्शी धान खरीदी और उपार्जन केंद्र में बेहतर व्यवस्था के लिए शासन–प्रशासन का किया धन्यवाद

TEJASWI NATH SONI

December 3, 2025

बलौदाबाजार-भाटापारा, 03 दिसंबर 2025/

जिले के ग्राम भरसेली के कृषक देवनाथ वैष्णव ने समर्थन मूल्य पर जारी धान खरीदी अभियान के अंतर्गत उपार्जन केंद्र भरसेली में 153 कट्टा धान विक्रय किया। लगभग पौने तीन एकड़ कृषि भूमि के स्वामी देवनाथ वैष्णव परंपरागत खेती के साथ आधुनिक तकनीकों का भी उपयोग करते हैं, जिससे उनके उत्पादन में निरंतर वृद्धि हो रही है।

 

उन्होंने बताया कि मोबाइल आधारित डिजिटल टोकन प्रणाली ने किसानों को नई सुविधा और पारदर्शिता प्रदान की है। टोकन मिलने से निर्धारित समय पर तुलाई कराना बेहद सरल हुआ है, साथ ही उपार्जन केंद्रों में पहले की तरह भीड़भाड़ और लंबी प्रतीक्षा की समस्या भी नहीं रही।

 

धान विक्रय के बाद प्राप्त राशि के उपयोग को लेकर उन्होंने कहा कि यह धनराशि खेत सुधार, मिट्टी संरक्षण, समतलीकरण तथा कृषि उत्पादकता बढ़ाने में निवेश की जाएगी। उन्होंने कहा—

“सरकार की किसान हितैषी योजनाओं और सुव्यवस्थित खरीदी व्यवस्था ने कृषि क्षेत्र को मजबूती दी है। इससे हम किसानों का भरोसा और मनोबल दोनों बढ़ रहा है।”

 

किसान वैष्णव ने उपार्जन केंद्र में उपलब्ध छाया, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, त्वरित तुलाई तथा कर्मचारियों के सहयोगपूर्ण व्यवहार की विशेष रूप से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा की गई तैयारियाँ अत्यंत प्रभावी और सराहनीय हैं।

 

अंत में किसान देवनाथ वैष्णव ने शासन एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पारदर्शी धान खरीदी प्रणाली और सुचारू प्रबंधन की वजह से किसानों का विश्वास और उत्साह लगातार बढ़ रहा है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment