बलौदाबाजार-भाटापारा, 03 दिसंबर 2025।
जिले में अवैध शराबखोरी और चखना सेंटरों पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने मंगलवार की शाम सख्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में भाटापारा शहर, हथबंद, सुहेला, गिरौदपुरी और सोनाखान पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से विभिन्न स्थानों पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे होटलों, ढाबों, ठेलों और चखना सेंटरों में अवैध रूप से शराब सेवन की सुविधा उपलब्ध कराने वालों को पकड़कर उन पर कार्रवाई की गई। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते पाए गए लोगों को भी हिरासत में लिया गया। कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पकड़े गए आरोपियों में अग्हन बाई धनवार, अमित यदू, राधेश्याम टंडन, राजेश कैवर्त, संजय कैवर्त, पंकज साहू, डोमार यादव, घनश्याम वर्मा, यामलाल फेकर और रंजीत यादव शामिल हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब बिक्री, जुआ-सट्टा और असामाजिक तत्वों पर निगरानी और कार्रवाई आगे भी इसी कड़ाई के साथ जारी रहेगी।