प्रधान आरक्षक बचन तिर्की की सेवाओं को सलाम — रायगढ़ पुलिस में सेवानिवृत्ति पर सम्मान समारोह आयोजित

TEJASWI NATH SONI

December 1, 2025

रायगढ़, 1 दिसंबर 2025।

जिला पुलिस विभाग से 30 नवंबर को अधिवर्षिता पर सेवानिवृत्त हुए प्रधान आरक्षक बचन तिर्की के सम्मान में सोमवार को पुलिस कार्यालय में गरिमामय सेवा सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग कुमार पटेल ने की।

 

रक्षित निरीक्षक अमित सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधान आरक्षक बचन तिर्की 1 फरवरी 1986 को पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। अपने लगभग चार दशक लंबे सेवाकाल में उन्होंने रक्षित केंद्र तथा जिला विशेष शाखा में कार्य किया और हमेशा अनुशासन, निष्ठा और समर्पण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्हें सौंपे गए प्रत्येक दायित्व को उन्होंने दक्षता के साथ पूरा किया।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल ने कहा—

“बचन तिर्की जी ने जिस ईमानदारी और मेहनत से पुलिस विभाग की सेवा की है, वह सभी पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणा है। उनके कार्य में कभी किसी प्रकार की कमी नहीं पाई गई। विभाग उनके योगदान को ससम्मान याद रखेगा।”

 

इस अवसर पर एसपी श्री पटेल द्वारा प्रधान आरक्षक बचन तिर्की को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया तथा शुभकामनाएँ दी गईं। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि श्री तिर्की को सेवा-समाप्ति लाभ, पेंशन एवं अन्य देय सुविधाओं से संबंधित सभी दस्तावेज विधिवत उपलब्ध कराए जाएँ।

 

कार्यक्रम में डीएसपी सुशांतो बनर्जी, डीएसपी श्रीमती साधना सिंह, एवं अन्य पुलिसकर्मियों ने माला पहनाकर सेवानिवृत्त तिर्की को शुभकामनाएँ दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment