पास्टर की गिरफ्तारी के बाद मसीही समाज में आक्रोश, कटघोरा थाने का किया घेराव पुलिस ने पार्षद सहित चार लोगों पर दर्ज की FIR, स्थिति हुई नियंत्रित

TEJASWI NATH SONI

November 24, 2025

कोरबा, 24 नवम्बर 2025/ कटघोरा क्षेत्र में रविवार देर शाम उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई जब पास्टर बजरंग जायसवाल की गिरफ्तारी की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के सैकड़ों मसीहीजन थाने पहुँच गए। गिरफ्तारी की कार्रवाई को लेकर असंतोष जताते हुए भीड़ ने थाने परिसर में प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि पास्टर को पूर्वाग्रहवश निशाना बनाया गया है।

 

मसीही समाज के सदस्यों ने पुलिस से तत्काल हस्तक्षेप करते हुए उन व्यक्तियों के विरुद्ध FIR दर्ज करने की मांग की, जिन पर पास्टर को धमकाने तथा धार्मिक गतिविधियों में बाधा पहुँचाने का आरोप लगाया गया था।

 

प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि “जब तक आरोपी व्यक्तियों के विरुद्ध अपराध दर्ज नहीं होगा, वे थाने परिसर से नहीं हटेंगे।” बढ़ते दबाव और संभावित तनाव को देखते हुए थाने में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया।

 

स्थिति संवेदनशील होती देख पुलिस अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं से लिखित आवेदन देने का आग्रह किया, परंतु मसीही समाज FIR की मांग पर अडिग रहा। लगभग दो घंटे चली बातचीत और परिस्थितियों के आकलन के बाद पुलिस ने पार्षद हरीश यादव तथा सहयोगियों— आशा यादव, श्यामा सोनी और सविता रजक— के विरुद्ध FIR दर्ज कर ली।

 

FIR दर्ज होने के बाद ही विरोध कर रहा समुदाय शांत हुआ और थाने का माहौल नियंत्रण में आ सका।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment