बलौदाबाजार, 6 नवम्बर 2025।
कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देशानुसार समाज कल्याण विभाग द्वारा नई दिशा अभियान के तहत आज शासकीय राजीव गांधी महाविद्यालय सिमगा में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को रोकना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
इस दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभाव, इसके कारण होने वाले मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और समाज में नशामुक्त वातावरण बनाने के लिए दूसरों को भी प्रेरित करेंगे।
—
जिला प्रशासन द्वारा जिला चिकित्सालय टीम के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई तथा मनोविकास हेतु परामर्श सत्र आयोजित किया गया।
“हम होंगे कामयाब” अभियान के अंतर्गत छात्रों को रोजगार पोर्टल में क्यूआर कोड स्कैन कर पंजीयन प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने कार्यक्रम में महिला उत्पीड़न, लैंगिक अपराधों से सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, प्राध्यापकगण और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
