बलौदाबाजार, 29 अक्टूबर 2025/ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जनवरी 2026 की अहर्ता तिथि के संदर्भ में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision) कार्यक्रम के संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री दीपक सोनी ने बुधवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस बैठक में आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं पुनरीक्षण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी साझा की गई।
कलेक्टर श्री सोनी ने बताया कि अधिकारी एवं मास्टर ट्रेनर का प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ हो चुका है तथा बीएलए (Booth Level Agent) का प्रशिक्षण 3 नवम्बर तक पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से शीघ्र बीएलए की सूची उपलब्ध कराने एवं पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय सहयोग की अपील की।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य पूर्ण पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ किया जाएगा। गणना पत्रक के साथ मतदाता पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। इसके लिए कुल 13 प्रकार के पहचान दस्तावेज मान्य किए गए हैं —
केंद्र या राज्य सरकार द्वारा जारी पहचान पत्र, पेंशन भुगतान आदेश, शासन या स्थानीय निकाय, बैंक/पोस्ट ऑफिस/पीएसयू/एलआईसी द्वारा जारी पहचान पत्र, सक्षम अधिकारी द्वारा जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, मेट्रिक प्रमाण पत्र, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, वन अधिकार पत्र, National Register of Citizens (NRC), परिवार पंजी, जमीन एवं आवास आवंटन प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड शामिल हैं।
बैठक में बताया गया कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण पूर्व में वर्ष 2003 में संपन्न हुआ था। आयोग के निर्देशानुसार वर्तमान मतदाता सूची को फ्रीज़ कर दिया गया है। वर्तमान में बिलाईगढ़ विधानसभा सहित जिले में कुल 1014 मतदान केंद्र एवं 951555 मतदाता पंजीकृत हैं।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री निशा नेताम मड़ावी, भारतीय जनता पार्टी से नरेश केशरवानी, कांग्रेस से जिला अध्यक्ष सुमित्रा धृतलहरे, आम आदमी पार्टी से भुनेश्वर सिंह डहरिया, जेसीसीजे से सुशील बंजारे सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
