युवा उद्यमिता को नई उड़ान सीजी आइडियाथॉन में उभरे संभावनाशील विचार, राज्योत्सव में प्रदर्शन का मौका

SARJU PRASAD SAHU

October 16, 2025

बलौदाबाजार -: 16 अक्टूबर 2025 रजत जयंती के अवसर पर जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र द्वारा विद्यार्थियों में नवाचार (Innovation) एवं उद्यमिता (Entrepreneurship) को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से गुरुवार को बलौदाबाजार के एमडीव्ही स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में “सीजी आइडियाथॉन 2025” का सफल आयोजन किया गया।

इस अवसर पर कलेक्टर दीपक सोनी ने विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए नवाचार मॉडलों का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता (Creativity) को बढ़ावा दिया।

नवाचार से जीवन को बेहतर बनाने पर जोर:

कलेक्टर श्री सोनी ने इस आयोजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका मूल उद्देश्य नवाचार के माध्यम से बेहतर सोच के साथ ऐसे व्यवसाय शुरू कराना या तकनीक विकसित करना है जो लाभकारी हों और लोगों के जीवन को आसान व बेहतर बनाएँ। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति में प्रतिभा होती है, जिसे सकारात्मक और सृजनात्मक रूप देकर लोगों के जीवन को आसान बनाने के उपाय किए जा सकते हैं। उन्होंने छात्रों को अपने विचारों को आगे लाने, मेंटर को बताने और अपनी रचनात्मकता को निखारने के लिए प्रोत्साहित किया।

कलेक्टर ने यह भी बताया कि इस आयोजन से राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लिए चयनित होने वाले विद्यार्थियों को जिला स्तरीय राज्योत्सव कार्यक्रम में सम्मानित भी किया जाएगा।

विशेषज्ञों ने किया मार्गदर्शन:

कार्यक्रम में एनआईटी रायपुर की सहायक प्राध्यापक सुश्री सरवनी पुर्खयास्था, सीईओ एनआईटी रायपुर मेधा सिंह, और इक्यूबेशन मैनेजर सुनील देवांगन ने “सीजी आइडियाथॉन 2025” के संबंध में विस्तृत जानकारी दी और विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों का समाधान किया।

चयनित प्रतिभागियों को राज्योत्सव में अवसर:

बताया गया कि सीजी आइडियाथॉन 2025 के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न संस्थानों एवं जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से युवा नवप्रवर्तकों एवं स्टार्टअप्स के संभावनाशील विचारों की पहचान और संवर्धन किया जा रहा है। चयनित प्रतिभागियों को अपने नवाचारों का प्रदर्शन राज्योत्सव डेमो डे – पिचिंग इवेंट (नवंबर 2025 के प्रथम सप्ताह) में करने का अवसर प्रदान किया जाएगा। इस दौरान 51,000 रुपये तक की नकद पुरस्कार राशि भी दी जाएगी।

इस अवसर पर जीएमडीआईसी गुनेश्वरी साहु, प्राचार्य रितु शुक्ला सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।

सह संपादक

Share this content:

2 thoughts on “युवा उद्यमिता को नई उड़ान सीजी आइडियाथॉन में उभरे संभावनाशील विचार, राज्योत्सव में प्रदर्शन का मौका”

Leave a Comment