प्रधानमंत्री केयर फॉर चिल्ड्रन योजना के लाभान्वित बच्चे कलेक्टर से मिलकर हुए उत्साहित

SARJU PRASAD SAHU

October 16, 2025

बलौदाबाजार -: 16 अक्टूबर 2025 कोविड-19 महामारी के दौरान अनाथ हुए बच्चों के जीवन में उम्मीद की नई रोशनी प्रधानमंत्री केयर फॉर चिल्ड्रन योजना के माध्यम से जगाई जा रही है। इस योजना के तहत बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और समुचित देखभाल की सुविधा दी जा रही है।

इसी कड़ी में गुरुवार को योजना से लाभान्वित बच्चों ने कलेक्टर दीपक सोनी से मुलाकात की। बच्चों ने अपनी पढ़ाई, सपनों और भविष्य की योजनाओं को लेकर उत्साहपूर्वक बातचीत की। कलेक्टर के प्रेरणादायक संवाद से बच्चे बेहद खुश और आत्मविश्वास से भरे नजर आए।

कलेक्टर ने बच्चों और उनके संरक्षकों से स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण एवं समग्र देखभाल की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। दीपावली के उपलक्ष्य में कलेक्टर दीपक सोनी ने बच्चों को नए कपड़े, स्कूल बैग, स्टेशनरी, अध्ययन सामग्री और मिठाइयाँ भेंट कीं। बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह की चमक साफ दिखाई दी।

महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी अतुल परिहार ने बताया कि बलौदाबाजार जिले में वर्तमान में 5 बच्चे प्रधानमंत्री केयर फॉर चिल्ड्रन योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। इस योजना का उद्देश्य इन बच्चों को आत्मनिर्भर, शिक्षित और सशक्त बनाना है। विभाग द्वारा बच्चों की प्रगति की नियमित निगरानी की जा रही है और आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है।

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास अधिकारी आदित्य शर्मा तथा जिला बाल संरक्षण अधिकारी प्रकाश दास भी उपस्थित रहे।

सह संपादक

Share this content:

1 thought on “प्रधानमंत्री केयर फॉर चिल्ड्रन योजना के लाभान्वित बच्चे कलेक्टर से मिलकर हुए उत्साहित”

Leave a Comment