राष्ट्रीय स्तर पर अंचल का गौरव बढ़ा — दीपक कुमार तिवारी ने जीता प्रथम स्थान हिंदवी कैम्पस कविता प्रतियोगिता में बलौदा बाजार जिले के ग्राम पंचायत लकड़िया के युवा कवि ने लहराया परचम

जिला ब्यूरो चीफ/तोषन प्रसाद चौबे
रायपुर/पलारी। राजधानी रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में बीते शनिवार एवं रविवार को दो दिवसीय चौथे हिंद युग्म उत्सव का सफल आयोजन किया गया। देशभर से आए वरिष्ठ साहित्यकारों, कवियों और लेखकों की गरिमामयी उपस्थिति ने इस उत्सव को हिंदी साहित्य के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक अवसर बना दिया।

इस साहित्यिक महोत्सव के अंतर्गत हिंदवी कैम्पस कविता प्रतियोगिता का आयोजन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। प्रतियोगिता दो चरणों में सम्पन्न हुई। प्रथम चरण में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से युवा कवियों की प्रविष्टियाँ आमंत्रित की गईं, जिनमें से श्रेष्ठ दस प्रतिभागियों का चयन मंचीय काव्यपाठ हेतु किया गया। द्वितीय चरण में इन प्रतिभागियों ने देश के प्रख्यात कवियों नरेश सक्सेना, बाबुषा कोहली और आनंद बहादुर की निर्णायक मंडली के समक्ष अपनी रचनाएँ प्रस्तुत कीं।

इस प्रतियोगिता में बलौदा बाजार जिले की ग्राम पंचायत लकड़िया निवासी युवा कवि दीपक कुमार तिवारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर अंचल का मान बढ़ाया। दीपक वर्तमान में पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर के हिंदी विभाग में शोधरत हैं। बचपन से ही कविताओं के प्रति उनकी गहरी रुचि रही है, जिसका प्रतिफल उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि के रूप में प्राप्त हुआ।

इस अवसर पर आयोजन के मुख्य आकर्षण, भारतीय ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित वरिष्ठ कवि विनोद कुमार शुक्ल की उपस्थिति में विजेताओं को सम्मानित किया गया। दीपक को उनके कर-कमलों से सम्मान पाकर विशेष गौरव की अनुभूति हुई।

दीपक की सफलता से न केवल उनके ग्राम पंचायत लकड़िया एवं बलौदा बाजार जिले में अपार हर्ष का माहौल है, बल्कि समूचे अंचल के साहित्य प्रेमियों में भी उत्साह का संचार हुआ है। क्षेत्र के कवि एवं साहित्यकार — पूरन जायसवाल, रामकुमार साहू, पोख्न जायसवाल, कृष्ण कुमार फेकर, अरुण वर्मा, नेहरू यादव, हितेंद्र ठाकुर, प्रकाश सेन, पंकज साहू, रामनारायण यादव और रवि चंद्राकर सहित अनेकजनों ने उन्हें हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई प्रेषित की।

सह संपादक

Share this content:

2 thoughts on “राष्ट्रीय स्तर पर अंचल का गौरव बढ़ा — दीपक कुमार तिवारी ने जीता प्रथम स्थान हिंदवी कैम्पस कविता प्रतियोगिता में बलौदा बाजार जिले के ग्राम पंचायत लकड़िया के युवा कवि ने लहराया परचम”

  1. Bahut hi Sundar jabardast kaviyon ka Hamare samaj mein bahut hi mahatvpurn sthan hai aur yah sthan hi dusre Vidyarthi aam Janata ko prerit Karta Hai Vikas ke liye to बहुत-बहुत dhanyvad bhi Tiwari ji ko

    Reply

Leave a Comment