बार अभ्यारण्य से राहत की खबर — कुएं में गिरे तीनों हाथी सकुशल निकाले गए, वन विभाग का रेस्क्यू अभियान सफल

TEJASWI NATH SONI

November 4, 2025

बलौदाबाजार, 4 नवम्बर 2025 | बार नवापारा अभ्यारण्य ब्रेकिंग अपडेट
बीती रात ग्राम हरदी में कुएं में गिरे तीनों हाथियों को वन विभाग की टीम ने लगातार प्रयासों के बाद सकुशल बाहर निकाल लिया है। अब तीनों हाथी सुरक्षित रूप से जंगल की ओर लौट गए हैं। इस पूरे रेस्क्यू अभियान को सफल बनाने में वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों की संयुक्त भूमिका रही।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात धान के खेतों की ओर पहुंचे हाथियों का एक दल गलती से खेत में बने करीब 15 फीट गहरे कुएं में गिर गया था। इनमें एक शावक भी शामिल था। घटना की सूचना मिलते ही वनमंडल बलौदाबाजार के अधिकारी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

बार अभयारण्य के अधीक्षक कृषाणु चंद्राकर ने बताया कि “तीनों हाथियों को पूरी तरह सुरक्षित निकाल लिया गया है। उन्हें किसी भी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई है। वन विभाग की टीम ने जेसीबी मशीन और अन्य संसाधनों की मदद से कुएं का किनारा चौड़ा कर रेस्क्यू पूरा किया।”

सुबह के समय ग्रामीणों की सूचना और सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के बाद प्रशासन और वन विभाग तुरंत सक्रिय हुआ। स्थानीय ग्रामीणों ने भी बचाव अभियान में सहयोग किया।

फिलहाल सभी हाथी जंगल की ओर सुरक्षित जा चुके हैं और क्षेत्र में स्थिति सामान्य है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि फसलों के आसपास बने खुले कुओं को ढंकने या सुरक्षित घेराबंदी करने में सहयोग दें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment