
रिपोर्टर टेकराम कोसले
MASB NEWS | सारंगढ़-बिलाईगढ़, 15 अक्टूबर 2025
छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के जमगहन ग्राम पंचायत में उपसरपंच की पत्नी को अवैध शराब रखने और बेचने के आरोप में आबकारी विभाग ने गिरफ्तार किया है। टीम ने मौके से 24 लीटर अवैध शराब जप्त की है।
—
🔸 आबकारी विभाग को मिली थी गुप्त सूचना
आबकारी आयुक्त आर. संगीता के निर्देश और कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे एवं जिला आबकारी अधिकारी संतराम वर्मा के मार्गदर्शन में, आबकारी विभाग वृत्त सरसीवा की टीम को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम जमगहन बोरिंग चौक निवासी शिवनंदन कुर्रे एवं उनकी पत्नी रामेश्वरी कुर्रे लंबे समय से अपने मकान में कच्ची महुआ शराब, देशी एवं विदेशी मदिरा को रखकर अवैध रूप से बिक्री कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी शिवनंदन कुर्रे, जो कि ग्राम जमगहन के वर्तमान उपसरपंच हैं, अपने पद और प्रभाव का दुरुपयोग करते हुए अवैध मदिरा व्यवसाय को संरक्षण दे रहे थे।
—
🔸 घर में पकड़ी गई अवैध शराब की बड़ी खेप
सूचना की पुष्टि के बाद आबकारी विभाग की टीम ने गवाहों की मौजूदगी में ग्राम जमगहन में बताए गए स्थान पर दबिश दी। उस समय रामेश्वरी कुर्रे अपने मकान में कच्ची महुआ शराब को प्लास्टिक पन्नियों में पैक कर रही थी, जबकि उसका पति शिवनंदन कुर्रे घर पर मौजूद नहीं था।
तलाशी के दौरान टीम ने मकान के एक कमरे से निम्नलिखित मदिरा जब्त की —
2 नग जरीकेन (10 लीटर) कच्ची महुआ शराब
30 नग प्लास्टिक पन्नियाँ (6 लीटर) देशी शराब
30 नग देशी प्लेन पाव (5.40 लीटर)
सिम्बा स्ट्रांग बीयर की 6 बॉटल (3.90 लीटर)
इस प्रकार कुल 21.40 लीटर मदिरा और 3.90 लीटर माल्ट बियर, यानी कुल 24 लीटर से अधिक अवैध शराब बरामद की गई।
सारी जब्त सामग्री को मौके पर परीक्षण कर आबकारी टीम ने कब्जे में लिया।
—
🔸 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
मामले में आरोपी रामेश्वरी कुर्रे पति शिवनंदन कुर्रे (उम्र 35 वर्ष, निवासी जमगहन, थाना भटगांव) के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2), 59(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
आरोपी को अग्रिम न्यायिक कार्यवाही हेतु न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
—
🔸 टीम का सराहनीय योगदान
इस कार्रवाई में वृत्त सरसीवा आबकारी उपनिरीक्षक फागुराम टंडन एवं विपिन कुमार पाठक, महिला प्रधान आरक्षक थाना सरसीवा सहित विभागीय स्टाफ का उल्लेखनीय योगदान रहा।
आबकारी विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध मदिरा के उत्पादन, विक्रय एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा, और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी।
—
🔸 प्रशासन की सख्ती से फैली दहशत
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि उपसरपंच द्वारा अपने पद का दुरुपयोग कर अवैध कारोबार चलाना स्थानीय ग्रामीणों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि चाहे वह जनप्रतिनिधि ही क्यों न हो, यदि कोई व्यक्ति अवैध शराब कारोबार में लिप्त पाया गया तो कानूनी कार्रवाई से नहीं बचेगा।
Prashasan dwara bahut Achcha Karya