कलेक्टर संजय अग्रवाल का निर्देश एक भी किसान एग्रीस्टेक पोर्टल पंजीयन से न छूटे, धान खरीदी की पूरी तैयारी रखें अधिकारी

SARJU PRASAD SAHU

October 14, 2025

धान खरीदी की तैयारियों और फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

बिलासपुर-: 14 अक्टूबर 2025 कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सोमवार को साप्ताहिक टीएल बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया कि एक भी पात्र हितग्राही शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग पात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर अभियान चलाएं और उन्हें योजनाओं से जोड़ना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने ब्लॉक स्तर पर कार्य-योजना बनाकर दिसंबर 2025 तक विभागीय लक्ष्यों का कम से कम 75 प्रतिशत कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर निगम आयुक्त अमित कुमार, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर ने किसानों के एग्रीस्टेक पोर्टल पंजीयन की प्रगति की भी समीक्षा की। बताया गया कि लगभग 10 हजार किसानों का अब तक पंजीयन नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर पर पटवारी, सहकारी समिति प्रबंधक एवं आरएईओ संयुक्त रूप से जिम्मेदारी निभाएं और एक-एक किसान से संपर्क कर उनका पंजीयन सुनिश्चित करें।

पंजीयन के लिए किसी किसान को भटकना न पड़े। केवल एग्रीस्टेक पोर्टल में पंजीकृत किसान ही इस बार धान बेचने के पात्र होंगे, इसलिए कोई भी पात्र किसान पंजीयन से न छूटे,” — कलेक्टर संजय अग्रवाल

उन्होंने धान खरीदी से जुड़ी तैयारियों की भी समीक्षा करते हुए बिचौलियों और दलाल प्रवृत्ति के लोगों पर अभी से कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए ताकि वास्तविक किसानों का हक न मारा जाए।

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के वंचित किसानों को लाभ दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा। जिले में वर्तमान में 1 लाख 2 हजार किसानों को योजना का लाभ मिल रहा है, जबकि कई किसानों को ई-केवाईसी, आधार सीडिंग और लैंड सीडिंग जैसी तकनीकी दिक्कतों के कारण लाभ नहीं मिल पाया है। उन्होंने सभी पात्र किसानों को 31 अक्टूबर तक लाभ दिलाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने वन पट्टाधारी और पीव्हीटीजी किसानों पर विशेष ध्यान देने की बात कही और अधिकारियों से कहा कि ऐसे किसानों का मार्गदर्शन कर सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण कराई जाएं।

उन्होंने स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान की सफलता के लिए स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग को मिलकर कार्य करने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केंद्रों में रिक्त पदों की भर्ती प्रक्रिया शीघ्र और निष्पक्ष रूप से पूर्ण करने के भी निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्कूली बच्चों की अपार आईडी निर्माण की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे तेज करने और छात्रवृत्ति वितरण समय पर पूर्ण करने को कहा। साथ ही सभी शिक्षण संस्थानों को समय पर जानकारी आदिवासी विकास विभाग को देने के निर्देश दिए।

बैठक में पीएम सूर्यघर बिजली योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने प्रत्येक बिजली विभाग अधिकारी को कम से कम पाँच घरों में सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने हेतु प्रेरित करने का लक्ष्य दिया। उन्होंने योजना के प्रचार-प्रसार के लिए शिविर लगाने और जनजागरूकता बढ़ाने के भी निर्देश दिए।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

1 thought on “कलेक्टर संजय अग्रवाल का निर्देश एक भी किसान एग्रीस्टेक पोर्टल पंजीयन से न छूटे, धान खरीदी की पूरी तैयारी रखें अधिकारी”

Leave a Comment