वन एवं पर्यावरण मंत्री श्री केदार कश्यप और वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी रहे मौजूद
अधिकारियों को समयबद्ध और उत्कृष्ट तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश
23 अक्टूबर 2025।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने आज नवा रायपुर स्थित विश्राम भवन में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में आगामी राज्योत्सव और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नवा रायपुर प्रवास की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में वन एवं पर्यावरण मंत्री श्री केदार कश्यप तथा वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी भी उपस्थित रहे।
श्री साव ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की स्थापना के रजत जयंती वर्ष में राज्योत्सव का आयोजन विशेष महत्व रखता है। इस अवसर को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए तैयारियों में कोई भी लापरवाही या विलंब न बरता जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री के प्रवास से पहले सभी व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण कर लिया जाए, ताकि आयोजन में किसी प्रकार की बाधा न आए।
बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री और मंत्रीद्वय ने कार्यक्रम स्थल पर सेक्टर व्यवस्था, बैठक क्षमता, परिक्रमा पथ, सुरक्षा प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और वीवीआईपी सेक्टर की योजना की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि राज्योत्सव में आने वाले अतिथियों और जनता के लिए सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और सहज हों।
इस अवसर पर आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव श्री अंकित आनंद, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, संस्कृति विभाग के संचालक श्री विवेक आचार्य, रायपुर नगर निगम के आयुक्त श्री विश्वदीप, तथा लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।