आरंग के शासकीय हाई स्कूल भैंसा की छात्राओं ने फोक डांस में लहराया परचम, संभाग स्तर पर प्रथम स्थान पाकर राज्य स्तर के लिए चयनित

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

November 8, 2025

रायपुर/आरंग,। जनसंख्या शिक्षा कार्यक्रम अंतर्गत आयोजित फोक डांस प्रतियोगिता में रायपुर जिले के आरंग विकासखंड स्थित शासकीय हाई स्कूल भैंसा की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संभाग स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय की टीम का चयन अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।

प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं की छात्राएँ — पायल कोसले, सुरभि घृतलहरे, सुरुचि विश्वकर्मा, माया वर्मा, ओमिनी वर्मा और साक्षी यादव — शामिल रहीं। इन छात्राओं ने मंच पर अपनी जीवंत लोकनृत्य प्रस्तुति के माध्यम से जनसंख्या शिक्षा के संदेश को कला और संस्कृति से जोड़ते हुए प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति ने निर्णायकों और दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।

विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती ममता तिवारी ने इन छात्राओं को इस प्रतियोगिता के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने न केवल नृत्य के अभ्यास पर ध्यान दिया, बल्कि प्रस्तुति के प्रत्येक पहलू — जैसे भाव-भंगिमा, तालमेल, वेशभूषा, लोकगीतों का चयन और विषय की अभिव्यक्ति — पर विशेष मेहनत की। ममता तिवारी ने बताया कि बच्चों ने विद्यालय के सीमित संसाधनों के बावजूद निरंतर अभ्यास किया और पूरे समर्पण के साथ अपनी प्रस्तुति को निखारा। उन्होंने कहा कि बच्चों की मेहनत, अनुशासन और टीम भावना ही उनकी सफलता का असली आधार है।

प्रधान पाठक श्री सत्यदेव वर्मा ने भी टीम को सहयोग और प्रोत्साहन प्रदान किया। विद्यालय परिवार, अभिभावकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने छात्राओं को इस उपलब्धि पर बधाई दी। सभी ने आशा व्यक्त की कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी यह टीम अपने प्रदर्शन से रायपुर जिला और आरंग विकासखंड का नाम रोशन करेगी।

जनसंख्या शिक्षा कार्यक्रम के तहत आयोजित यह फोक डांस प्रतियोगिता न केवल सांस्कृतिक चेतना का माध्यम बनी, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता, टीम भावना और लोक संस्कृति के प्रति सम्मान को भी प्रोत्साहित किया।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment